Monday, May 25, 2026
Home Latest अनाधिकारिक वनडे में इंडिया ए ने द.अफ्रीका ए को हराया

अनाधिकारिक वनडे में इंडिया ए ने द.अफ्रीका ए को हराया

by Khel Dhaba
0 comment

तिरुवनंतपुरम। शिवम दुबे (नाबाद 79) और अक्षर पटेल (नाबाद 60) के अर्धशतकों के बाद युजवेंद्र चहल के पांच विकेटों की मदद से इंडिया-ए ने गुरुवार को यहां खेले गए पहले अनाधिकारिक वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका-ए को 69 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
मैदान गीला होने के कारण मैच को 47-47 ओवरों का कर दिया गया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंडिया-ए ने एक समय 206 रन के स्कोर तक अपने छह विकेट गंवा दिए थे।

लेकिन इसके बाद दुबे और पटेल ने सातवें विकेट के लिए 121 रनों की अविजित साझेदारी करके इंडिया ए को छह विकेट पर 327 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। दुबे ने 60 गेंदों पर तीन चौके और छह छक्के जबकि पटेल ने 36 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा शुभमन गिल ने 46, कप्तान मनीष पांडे ने 39, इशान किशन ने 37 और अनमोलप्रीत सिंह ने 29 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका-ए की ओर से ब्यूरेन हेंड्रिक्स और जोर्न फोर्तुन ने दो-दो जबकि एनरिक नॉर्जे तथा जूनियर डाला ने एक-एक विकेट लिया।

इंडिया ए से मिले 328 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ए टीम 45 ओवर में 258 रन पर ऑलआउट हो गई। मेहमान टीम के लिए रीजा हेंड्रिक्स ने 108 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 110 रन की पारी खेली। हालांकि वह इस शतक के बावजूद टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 58 और खाया जोंडो ने 30 रन का योगदान दिया।

इंडिया ए की ओर से चहल के पांच विकेटों के अलावा दीपक चाहर, खलील अहमद, क्रुणाल पांड्या ने एक-एक जबकि अक्षर पटेल ने दो विकेट लिये। पटेल को उनकी अर्धशतकीय पारी और दो विकेट के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights