पटना, 24 मई। बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला पटना और बेगूसराय के बीच खेला जायेगा। स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में चल रहे इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पटना ने पूर्णिया को 7 विकेट से जबकि बेगूसराय ने गया जी को 3 रन से हरा कर फाइनल का टिकट पाया।
पहला सेमीफाइनल : पटना बनाम पूर्णिया।
टॉस पटना ने जीता और पूर्णिया को बैटिंग करने का न्योता दिया। पूर्णिया के बैटर सूरज कश्यप की फिरकी में फंस गए और पूरी टीम 18.5 ओवर में 76 रन पर ऑल आउट हो गई। पूर्णिया की ओर से अभिषेक कुमार ने 25, आकिब रेजा ने 14, सरमन निगरोध ने 13 और अनिमेष कुमार ने नाबाद 14 रन बनाये।
पटना की ओर से सूरज कश्यप ने चार, राहुल राठौर ने 2, पवन कुमार, शशीम राठौर और आकाश राज ने 1-1 विकेट चटकाये।
जवाब में पटना ने 9.5 ओवर में 3 विकेट पर 77 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। पीयूष कुमार ने 17, आशीष कुमार ने नाबाद 17 और आकाश राज ने नाबाद 34 रन की पारी खेली।
पूर्णिया की ओर से अनिमेष कुमार ने 2, भास्कर दूबे ने 1 विकेट चटकाये। सूरज कश्यप को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
पूर्णिया अ 18.5 ओवर में 76 रन पर ऑल आउट, अभिषेक कुमार 25, आकिब रेजा 14, सरमन निगरोध 13, अनिमेष कुमार नाबाद 14, पवन कुमार 1/6, सूरज कश्यप 4/12, राहुल राठौर 2/16, शशीम राठौर 1/7, आकाश राज 1/6
पटना : 9.5 ओवर में 3 विकेट पर 77, पीयूष कुमार सिंह 17, आशीष कुमार नाबाद 17, आकाश राज नाबाद 34, अनिमेष कुमार 2/34, भास्कर दूबे 1/24
दूसरा सेमीफाइनल : गया जी बनाम बेगूसराय
यह सेमीफाइनल काफी रोमांचक रहा। टॉस बेगूसराय ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। बेगूसराय के टॉप ऑडर के बैटरों के बल्ले से रन निकला और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 178 रन बने।
बेगूसराय की ओर से कप्तान दानिश आलम ने 50, मुरारी कुमार ने 23, अतुल प्रकाश ने 31, पृथ्वी राज ने 29, गुलशन कुमार ने 29 रन बनाये। अतिरिक्त के सहारे 10 रन बने।
गया जी की ओर से निक्कू, गौरव कुमार, प्रीतम राज, शिवम किशोर, मयंक पांडेय और गौतम कुमार ने 1-1 विकेट चटकाये।
जवाब में गया जी की शुरुआत खराब रही। सलामी बैटर रंजन राज और गौतम कुमार सस्ते में पवेलियन लौटे पर इसके बाद गया जी के बैटरों ने सुझबुझ पारी खेली। नतेंद्र प्रसाद और गौरव कुमार की महत्वपूर्ण साझेदारी की बदौलत गया जी जीत की दहलीज पर पहुंच चुका था पर आखिरी ओवर में पासा पलट गया और मैच हाथ से निकल गया और बेगूसराय ने फाइनल का टिकट पा लिया।
आखिरी ओवर का रोमांच
गया जी को आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 गेंद में पांच रन की जरुरत थी। गेंद कप्तान दानिश आलम के हाथ में थी। पहली गेंद पर गया जी के नतेंद्र प्रसाद ने 1 रन बनाये। दूसरी गेंद पर कोई रन बना। तीसरे गेंद पर गौरव कुमार ने गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाने का प्रयास किया पर सुमित कुमार द्वारा लपके गये। अब तीन गेंद में 4 रन की जरुरत थी और गया जी के हाथ में विकेट था एक। चौथी गेंद पर रन चुराने के चक्कर में गौरव की जगह बैटिंग करने अभिषेक प्रसाद रन आउट हो गए और गया जी का फाइनल में पहुंचने सपना टूट गया और बेगूसराय के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे।
गया जी की ओर से सैयद सैफुल्लाह ने 25, यशराज सिंह ने 13, प्रीतम राज ने 47, नतेंद्र प्रसाद ने नाबाद 32 और गौरव कुमार ने 44 रन बनाये।
बेगूसराय की ओर से सौरभ कुमार ने 1, सुधांशु कुमार ने 2, दानिश आलम ने 5 और पृथ्वी राज ने 1 विकेट चटकाये। विजेता टीम के दानिश आलम को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
बेगूसराय : 20 ओवर में 8 विकेट पर 178 रन, दानिश आलम 50, मुरारी 23, अतुल प्रकाश 31, पृथ्वी राज 29, गुलशन कुमार 29, अतिरिक्त 10, निक्कू कुमार 1/32, गौरव कुमार 1/37, प्रीतम राज 1/32, शिवम किशोर 1/18, मयंक पांडेय 1/6, गौतम कुमार 1/28
गया जी : 19.4 ओवर में 175 रन पर ऑल आउट, सैयद सैफुल्लाह 25, यशराज सिंह 13, प्रीतम राज 47, नतेंद्र प्रसाद 32, गौरव कुमार 44, सौरभ कुमार 1/47, सुधांशु कुमार 2/ 21, दानिश आलम 5/22, पृथ्वी राज 1/32