अहमदाबाद, 24 मई। केंद्रीय खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि राष्ट्रमंडल खेल 2030 को लेकर ओलंपिक स्तर का बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है और भारतीय खिलाड़ी भी पोडियम पर खड़े होने के लिये काफी मेहनत कर रहे हैं।
राष्ट्रमंडल खेल दिवस के अवसर पर यहां साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित ‘संडेज आन साइकिल’ कार्यकम के दौरान बातचीत में मांडविया ने कहा कि संडेज आन साइकिल का आज 75वां सत्र है और राष्ट्रमंडल खेल दिवस भी है जिसे देखते हुए यहां राष्ट्रमंडल खेल 2030 के मेजबान शहर में मुख्य आयोजन किया गया है और हजारों की संख्या में युवाओं ने इससे जुड़कर फिट इंडिया का संदेश दिया है।
अहमदाबाद में 2030 में होगा राष्ट्रमंडल खेल
अहमदाबाद 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा जो दिल्ली में 2010 में हुए खेलों के बाद पहली बार भारत में हो रहे हैं । भारत ने अहमदाबाद में ही ओलंपिक 2036 की मेजबानी का ‘आशय पत्र’ भी अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को सौंप दिया है।
खिलाड़ी भी खूब कर रहे हैं मेहनत
राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ओलंपिक स्तर का खेलों का बुनियादी ढांचा तैयार हो रहा है। इसके साथ ही हमारे देश के खिलाड़ी भी मेहनत कर रहे हैं ताकि राष्ट्रमंडल खेल और ओलंपिक में पोडियम पर खड़े होकर देश का नाम रोशन कर सकें।
वीर सावरकर परिसर में हो रहा है निर्माण
राष्ट्रमंडल खेलों से पहले अहमदाबाद के नारनपुरा में 825 करोड़ की लागत से 20 एकड़ में फैले वीर सावरकर परिसर का उद्घाटन पिछले साल ही हो चुका है जबकि नरेंद्र मोदी स्टेडियम के इर्द गिर्द 335 एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल खेल एंक्लेव में तीन नये परिसर तैयार हो रहे हैं। इस एंक्लेव और कराइ में गुजरात पुलिस अकादमी में निर्माण कार्य 2028 से 2029 के बीच पूरा हो जायेगा जहां मुख्यत: एक्वाटिक्स, टेनिस, एथलेटिक्स और निशानेबाजी स्पर्धायें होनी हैं।
देशवासी साइकिलिंग अभियान से जुड़े
खेल मंत्री मांडविया ने तेल बचाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान में शामिल होने के लिये देशवासियों से साइकिलिंग से जुड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि
साइकिलिंग फिट इंडिया का मंत्र है, पोल्यूशन का सोल्यूशन है और तेल की बचत भी करता है । इसलिये आज देश के 8000 से अधिक स्थानों पर संडे आन साइकिल के जरिये देश के युवा साइकिलिंग से जुड़ रहे हैं।
मांडविया ने कहा-तेल बचाना हर व्यक्ति का फर्ज
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेल बचाने का आहवान किया है और इसका सबसे सही तरीका है साइकिलिंग। देश को आगे बढाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को सच करने के लिये देशवासियों को फिट रहना होगा जिसका जरिया है साइकिलिंग। इसलिये मैं युवाओं से साइकिलिंग से जुड़ने का आग्रह करता हूं। संडे आन साइकिल प्रतीकात्मक है लेकिन यह संदेश है कि हम सभी भारतीय साइकिलिंग को अपनायें और फिट रहें। इससे पहले गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कार्यक्रम में कहा कि फिट इंडिया सरकारी नहीं बल्कि जन भागीदारी का आंदोलन है।
फिट इंडिया आंदोलन से जुड़े लोगों
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक फिट इंडिया आंदोलन को आगे बढाने में लोग योगदान दे रहे हैं। यह कोई सरकारी आंदोलन नहीं बल्कि इसकी सफलता जन भागीदारी के साथ है। देश भर में लोगों को इसका हिस्सा बनना चाहिये।
कई अन्य कार्यक्रम भी हुए
खेलमंत्री मांडविया ने राष्ट्रमंडल थीम पर एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जिसमें पिछले 12 साल में खेलों में भारत की उपलब्धियों की झलक के साथ खेलो इंडिया मिशन और खेल सामान निर्माण में की गई पहल भी शामिल की गई थी।
कई जानी मानी हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के प्रमुख आदिले सुमरिवाला, हॉकी खिलाड़ी रजनी ई, गुरजीत कौर, सोनिका टी, निशानेबाज अंजुम मोद्गिल, अंकुर मित्तल, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे और अभिनेता तथा फिट इंडिया आइकन आयुष्मान खुराना भी मौजूद थे।
राष्ट्रमंडल खेल दिवस समारोह से पहले देशव्यापी क्विज प्रतियोगिता, रील बनाने की स्पर्धा और टॉर्च डिजाइन स्पर्धा का भी आयोजन माय भारत प्लेटफार्म पर किया गया जिसमें एक लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया।