Monday, May 25, 2026
Home IPL IPL 2026 RCB VS GT : आरसीबी की बल्लेबाजी और गुजरात की गेंदबाजी के बीच होगा रोचक मुकाबला

IPL 2026 RCB VS GT : आरसीबी की बल्लेबाजी और गुजरात की गेंदबाजी के बीच होगा रोचक मुकाबला

पहले क्वालिफायर में दोनों के बीच मुकाबला 26 मई को धर्मशाला में

by Khel Dhaba
0 comment

धर्मशाला, 25 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के पहले क्वालिफायर में मंगलवार यानी 26 मई को लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। आरसीबी को सीधे फाइनल में जगह बनाने के लिए गुजरात टाइटंस की अनुशासित गेंदबाजी का सामना करना होगा। लीग मुकाबलों में दोनों टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक हासिल किये हैं पर बेहतर नेट रन रेट के आधार पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अंक तालिका में टॉप पर रही।

बेंगलुरु की बैटिंग मजबूत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स निस्संदेह आईपीएल 2026 की दो सबसे संपूर्ण टीमें रही हैं, हालांकि प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए उन्होंने अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं। रजत पाटीदार के नेतृत्व में आरसीबी ने आक्रामक बल्लेबाजी और पिछली प्रतियोगिताओं की तुलना में कहीं अधिक भरोसेमंद गेंदबाजी इकाई के दम पर अपना अभियान आगे बढ़ाया।

मौजूदा चैंपियन टीम ने इस सत्र में अपनी बेहतर बैटिंग के दम पर लगातार 200 रन का आंकड़ा पार किया। बेंगलुरु को बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में दिग्गज विराट कोहली के अनुभव और गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन से काफी फायदा हुआ।

विपक्षी टीम के मैदान पर जीत हासिल करने की महारत और करीबी मुकाबलों को निर्णायक मोड़ पर समाप्त करने की क्षमता ने आरसीबी को लीग चरण की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम में से एक बना दिया।

इस मैच में आरसीबी को धर्मशाला की परिस्थितियों से परिचित होने का भी लाभ मिलेगा, जहां उन्होंने इस महीने की शुरुआत में पंजाब किंग्स के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी।

गुजरात को अपनी दमदार गेंदबाजी पर भरोसा

जहां तक गुजरात टाइटंस का सवाल है तो उसने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है। उसकी बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, कौशल से परिपूर्ण साई सुदर्शन और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गुजरात की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही है। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से लगातार विकेट लिए हैं, वहीं राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा है।

गुजरात टाइटंस ने अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया और उसकी टीम नॉकआउट मुकाबले में अच्छी लय के साथ उतर रही है। इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।

धुरंधरों के बीच होगी रोमांचक जंग

कोहली और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज रबाडा के बीच का मुकाबला मैच का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। धर्मशाला में मिलने वाली अतिरिक्त उछाल को देखते हुए यह काफी महत्वपूर्ण होगा जिसमें गुजरात के तेज गेंदबाजों के शुरुआती आक्रमण का सामना करने की कोहली की क्षमता आरसीबी के पावरप्ले का रुख तय कर सकती है।

इसी तरह सिराज के खिलाफ फिल साल्ट का आक्रामक रवैया शुरुआती गति तय कर सकता है। उंगली की चोट का इलाज कराने के बाद वापस लौटे साल्ट विशेष रूप से प्लेऑफ में खेलने के लिए आए हैं। इससे आरसीबी की बल्लेबाजी को मजबूती मिली है।

दूसरी तरफ हेजलवुड और भुवनेश्वर दूधिया रोशनी में गिल और सुदर्शन की परीक्षा लेंगे। आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने इस सत्र में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी है। गुजरात की शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर निर्भरता को देखते हुए शुरुआती छह ओवर बेहद महत्वपूर्ण होंगे। बीच के ओवरों में राशिद खान और आरसीबी के बल्लेबाजों के बीच का मुकाबला भी निर्णायक साबित हो सकता है, हालांकि कप्तान पाटीदार का स्पिन के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीम की मजबूती को देखते हुए यह मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है।

टीम इस प्रकार हैं:

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, और सात्विक देसवाल।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights