पटना, 8 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला गोपालगंज और भोजपुर के बीच खेला जायेगा। फाइनल 10 अप्रैल को होगा।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में गोपालगंज ने वीजेडी नियम से बेगूसराय को 5 विकेट से हराया। पिच गीला होने के कारण मैच 26-26 ओवरों का खेला गया।
टॉस गोपालगंज ने जीता और बेगूसराय को बैटिंग का न्योता दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेगूसराय की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई। पूरी पारी में बल्लेबाज रन गति नहीं बढ़ा सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
टीम की ओर से पुष्पम राज ने 27 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि शिवम राज ने 22 रन और कप्तान पृथ्वी राज ने 16 रन जोड़े। मध्यक्रम पूरी तरह दबाव में रहा और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
26 ओवर में 6 विकेट खोकर बेगूसराय की टीम केवल 107 रन ही बना सकी जो सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में एक छोटा स्कोर साबित हुआ।
मेहदी अब्दुल्ला और प्रशांत कुमार की घातक गेंदबाजी
गोपालगंज की ओर से गेंदबाजी में मेहदी अब्दुल्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में मात्र 15 रन देकर 3 विकेट झटके। उनका साथ प्रशांत कुमार ने बखूबी निभाया, जिन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अमजद अली ने भी एक विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
आर्यन राज की कप्तानी पारी, लक्ष्य आसान बना
107 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपालगंज टीम की शुरुआत आक्रामक रही। कप्तान आर्यन राज ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
उनके आउट होने के बाद प्रशांत कुमार ने पारी को संभाला और 44 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंकित यादव ने 12 रन और सुजय कुमार शर्मा ने 10 रन का योगदान दिया।
हालांकि बीच में कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन लक्ष्य छोटा होने के कारण गोपालगंज ने 18.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 116 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
बेगूसराय की गेंदबाजी में दिखी कोशिश
बेगूसराय की ओर से आयुष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए और मैच में कुछ समय के लिए रोमांच बनाए रखा।
इसके अलावा हर्ष वर्मा और कप्तान पृथ्वी राज को एक-एक विकेट मिला, लेकिन छोटा स्कोर होने के कारण गेंदबाजों के पास बचाव के लिए पर्याप्त रन नहीं थे। गोपालगंज के प्रशांत कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
बेगूसराय : 107/6 (26 ओवर), पुष्पम राज 27, शिवम राज 22, पृथ्वी राज 16, युवराज यादव 14, मेहदी अब्दुल्ला 3/15, प्रशांत कुमार 2/3, अमजद अली 1/23
गोपालगंज : 116/5 (18.2 ओवर), प्रशांत कुमार 44, आर्यन राज 35, अंकित यादव 12, सुजय कुमार शर्मा 10, आयुष कुमार 3/24, हर्ष वर्मा 1/29, पृथ्वी राज 1/2