ग्रेनाडा (स्पेन), 8 अप्रैल। मिश्रित टीम स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीतने के बाद भारतीय पुरुष निशानेबाज 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। तीनों भारतीय खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाने से चूक गए।
युवा निशानेबाज मुकेश नेलावल्ली ने 579 का स्कोर किया, लेकिन वह 14वें स्थान पर रहे और फाइनल में प्रवेश नहीं कर सके। उन्होंने बीच के राउंड में शानदार प्रदर्शन (98, 98, 97, 97) किया, लेकिन शुरुआती और अंतिम राउंड (94, 95) में कम स्कोर के कारण पिछड़ गए। इस स्पर्धा में चीन के शीर्ष रैंकिंग वाले हू काई भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और 578 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर रहे।
पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता यू शी ने शानदार खेल दिखाते हुए 588 के स्कोर के साथ क्वालीफाइंग में शीर्ष स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। भारत के अन्य निशानेबाजों में उज्जवल मलिक 577 के स्कोर के साथ 22वें स्थान पर रहे, जबकि सीनियर स्तर पर पहली बार खेल रहे प्रमोद ने 574 का स्कोर बनाकर 39वां स्थान हासिल किया।
वहीं महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर उम्मीदें जगा दी हैं। ओलंपियन रिदम सांगवान ने प्रिसिजन चरण में 292 (99, 96, 97) का स्कोर बनाकर छठा स्थान हासिल किया। दिव्या टी ने 291 (96, 98, 97) के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया और फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं।
हालांकि तीसरी भारतीय खिलाड़ी सिमरनप्रीत कौर बराड़ 282 के स्कोर के साथ 45वें स्थान पर हैं और उनके लिए आगे का सफर चुनौतीपूर्ण हो गया है। अब प्रतियोगिता का दूसरा चरण (रैपिड) गुरुवार को खेला जाएगा, जिसमें शीर्ष 8 खिलाड़ी पदक दौर में प्रवेश करेंगे। भारतीय महिला निशानेबाजों से इस चरण में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।