बार्सीलोना। लियोनेल मेसी ने यूरोपीय प्रतिस्पर्धा के अपने 150वें मैच में गोल किया जिसके दम पर बार्सीलोना ने चैम्पियंस लीग फुटबॉल में डायनामो कीव को 2-1 से मात दी ।
मेसी ने पांचवें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल दागा । मेसी का चैम्पियंस लीग और यूरोपीय सुपर कप में अपने 146वें मैच में यह 121वां गोल था।
दूसरा गोल गेरार्ड पीक ने 65वें मिनट में किया। डायनामो के फारवर्ड विक्टर साइगांकोव ने 15 मिनट बाकी रहते टीम के लिये एकमात्र गोल दागा। ग्रुप जी में अब बार्सीलोना तीन जीत के साथ शीर्ष पर है । युवेंटस उससे तीन अंक पीछे है ।
रोनाल्डो की वापसी, मोराता के दो गोल से जीता युवेंटस
बुडापेस्ट। कोरोना वायरस संक्रमण से उबरकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की मैदान पर वापसी के बीच अलवारो मोराता के दो गोल मदद से युवेंटस ने चैम्पियंस लीग फुटबॉल में फेरेंकवारोस को 4-1 से हराया।
पहले तीन मैचों में युवेंटस के छह में से चार गोल स्पेन के इस फारवर्ड ने किये हैं। वह सितंबर में उधार पर एटलेटिको मैड्रिड से युवेंटस में आये थे।
पहले दो मैचों से बाहर रहे रोनाल्डो ने दूसरे गोल में सूत्रधार की भूमिका निभाई। युवेंटस के लिये तीसरा गोल पाउलो डायबाला ने किया जबकि विरोधी खिलाड़ी लाशा डी ने एक आत्मघाती गोल दागा । फेरेंकवारोस के लिये एकमात्र गोल 90वें मिनट में फ्रेंक बोली ने किया। युवेंटस ग्रुप जी में बार्सीलोना से तीन अंक पीछे है ।
चैम्पियंस लीग : चेलसी ने रेनेस को हराया
लंदन। चेल्सी ने चैम्पियंस लीग फुटबॉल के मैच में दस खिलाड़ियों पर सिमटी रेनेस को 3-0 से हरा दिया। ब्राजील के लेफ्ट बैक डालबर्ट को दो पीले कार्ड देखने के बाद बाहर होना पड़ा। चेल्सी के लिये वेरनेर ने पहले हाफ में पेनाल्टी पर दो गोल किया जबकि अब्राहम ने तीसरा गोल 50वें मिनट में दागा। चेल्सी ग्रुप ई में लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष पर काबिज है जबकि गोल औसत के आधार पर सेविला दूसरे स्थान पर है।