Sunday, May 31, 2026
Home बिहारफुटबॉल बिहार राज्य महिला फुटबॉल : सीवान और मुजफ्फरपुर के बीच होगा फाइनल

बिहार राज्य महिला फुटबॉल : सीवान और मुजफ्फरपुर के बीच होगा फाइनल

सेमीफाइनल में बेगूसराय और पश्चिम चंपारण की टीम हारी

by Khel Dhaba
0 comment

लखीसराय के केआरके मैदान में खेले जा रहे सैयद एजाज हुसैन कप डे-नाइट राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। दूसरे सेमीफाइनल में सीवान ने पश्चिम चंपारण को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पहले सेमीफाइनल में मुजफ्फरपुर ने बेगूसराय को 3-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मुजफ्फरपुर और सीवान के बीच खेला जाएगा।

दूसरे सेमीफाइनल में सीवान और पश्चिम चंपारण के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। सीवान ने टॉस जीता, जबकि किक ऑफ पश्चिम चंपारण ने किया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर दबाव बनाए रखा, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। मैच का उद्घाटन डॉ. हरिप्रिया और सविता शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

मध्यांतर के बाद मुकाबला और तेज हुआ। मैच के 62वें मिनट में सीवान की जर्सी नंबर 10 की खिलाड़ी निक्की कुमारी ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही। इस शानदार प्रदर्शन के लिए निक्की कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच में मुख्य रेफरी संतोष कुमार पांडेय रहे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में रौशन गुप्ता और कैलाश कुमार पंडित ने जिम्मेदारी निभाई। चौथे रेफरी की भूमिका अशफाक आलम ने निभाई।

पहले सेमीफाइनल में मुजफ्फरपुर ने बेगूसराय के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन किया। मुजफ्फरपुर ने टॉस जीता, जबकि किक ऑफ बेगूसराय ने किया। मैच के तीसरे ही मिनट में जर्सी नंबर 04 की खिलाड़ी रूबी कुमारी ने गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 17वें और 35वें मिनट में जर्सी नंबर 10 की खिलाड़ी चांदनी कुमारी ने दो शानदार गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी मुजफ्फरपुर का दबदबा बना रहा, हालांकि कोई और गोल नहीं हो सका। चांदनी कुमारी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मैच में मुख्य रेफरी रौशन गुप्ता रहे, जबकि सहायक रेफरी के रूप में अशफाक आलम और हरेंद्र यादव ने भूमिका निभाई। चौथे रेफरी के रूप में संतोष कुमार पांडेय मौजूद रहे।

दोनों मुकाबलों के दौरान टेक्निकल टीम में संजीव कुमार सिंह और असगर इमाम सक्रिय रहे। इस अवसर पर पूर्व फुटबॉलर कामेश्वर मंडल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां सीवान और मुजफ्फरपुर की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.