पटना, 7 अप्रैल। राष्ट्रीय स्कूल रग्बी अंडर-17 (बालक एवं बालिका) प्रतियोगिता 2025-26 में बिहार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में 6 और 7 अप्रैल को आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने बालक वर्ग में स्वर्ण और बालिका वर्ग में रजत पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।
बालक वर्ग में बिहार की टीम पूरे टूर्नामेंट में दबदबे के साथ खेलती नजर आई। टीम ने क्वार्टर फाइनल में पंजाब को 37-0 से हराया और सेमीफाइनल में राजस्थान को 38-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में बिहार ने मेजबान ओडिशा को 21-5 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं बालिका वर्ग में भी बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ को 44-0 से हराया और सेमीफाइनल में दिल्ली को 17-5 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि फाइनल मुकाबले में ओडिशा के खिलाफ कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जहां बिहार को 7-5 से हार का सामना करना पड़ा और टीम उपविजेता रही।
इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग में बिहार ने स्वर्ण, ओडिशा ने रजत और महाराष्ट्र ने कांस्य पदक जीता, जबकि बालिका वर्ग में ओडिशा ने स्वर्ण, बिहार ने रजत और महाराष्ट्र ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
बिहार की इस शानदार उपलब्धि पर राज्य के कई गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, बिहार विधान परिषद सदस्य एवं रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष संजय प्रकाश मयूख, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविन्द्रन शंकरण और रग्बी संघ के सचिव पंकज कुमार ज्योति ने टीम को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।