Thursday, June 11, 2026
Home Slider बाबर आजम का अर्धशतक, पाकिस्तान के दो विकेट पर 121 रन

बाबर आजम का अर्धशतक, पाकिस्तान के दो विकेट पर 121 रन

by Khel Dhaba
0 comment

मैनचेस्टर। बाबर आजम ने बारिश के खलल से चाय का विश्राम जल्दी लिए जाने से पहले अर्धशतक जड़ा जिससे पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार को पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन दो विकेट पर 121 रन बनाए। खबर लिखे जाने तक मैच फिर से नहीं शुरू हो पाया था।
पाकिस्तान के कप्तान अजहर अली ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद टीम ने लंच तक 53 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे।

क्रिस वोक्स की पहली ही गेंद पर बाबर आउट होने से बचे लेकिन इसके बाद उन्होंने उम्दा पारी खेलते हुए नौ चौकों की मदद से सिर्फ 71 गेंद में नाबाद 52 रन बनाए।

बाबर को सलामी बल्लेबाज शान मसूद का अच्छा साथ मिला जो 134 गेंद में सात चौकों की मदद से 45 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
खिलाड़ियों को हालांकि स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे से ठीक पहले बारिश के कारण वापस लौटना पड़ा।

जोफ्रा आर्चर और वोक्स ने पाकिस्तान को शुरुआती झटके दिए। आसमान में छाए बादलों के बीच मसूद और आबिद अली (16) ने सतर्क शुरुआत दिलाते हुए मेजबान टीम के गेंदबाजों को पहले घंटे में सफलता से महरूम रखा।

जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की नई गेंद की जोड़ी ने दोनों बल्लेबाजों को कई बार छकाया लेकिन वे स्कोर को बिना विकेट खोए 36 रन तक पहुंचाने में सफल रहे। एंडरसन और ब्रॉड की जगह जो रूट ने आर्चर और वोक्स को उतारने का फैसला किया और दोनों ने ही अपने कप्तान को निराश नहीं किया।

आर्चर ने अपनी मैच की सातवीं गेंद पर ही आबिद अली को बोल्ड करके इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। आबिद को हताशा हुई होगी क्योंकि उनके आउट होने के तीन गेंद बाद ही बारिश के कारण कुछ देर खेल रोकना पड़ा।

मैच दोबारा शुरू होने के 10 मिनट के भीतर वोक्स ने कप्तान अजहर अली को पगबाधा कर दिया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अजहर ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन फैसला गेंदबाज के पक्ष में गया।

स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को शुरुआती में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने 15वीं गेंद पर खाता खोला लेकिन लय में आने पर शानदार बल्लेबाजी की।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.