क्राइस्टचर्च। मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम रविवार को यहां आईसीसी महिला विश्व कप (women’s world cup cricket final tomorrow, australia and england face to face) के फाइनल में इंग्लैंड के सामने होगी जिसमें वह सातवीं ट्राफी जीतकर अपने दबदबे को रखना चाहेगी लेकिन पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी के सामने उसकी यह डगर आसान नहीं होगी।
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने अलग अलग तरीके से फाइनल में प्रवेश किया। गत चैम्पियन इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैच गंवाने के बाद वापसी करते हुए लगातार पांच मैचों में जीत हासिल कर खिताबी भिड़ंत सुनिश्चित की।
वहीं ऑस्ट्रेलिया ने लगातार जीत के सिलसिले को जारी रखते हुए 11 मैचों में फतह हासिल की और अब वह रिकॉर्ड सातवें विश्व खिताब को अपने नाम करने की कोशिश में है।
दोनों टीमों ने पिछले 11 विश्व कप में मिलाकर 10 खिताब हासिल किये हैं लेकिन दिलचस्प बात है कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया 34 साल में पहली बार आईसीसी विश्व कप फाइनल में एक दूसरे का सामना करेंगे।
दोनों टीमों ने करीब एक महीने पहले हैमिल्टन में अपना अभियान शुरू किया और वे साथ ही टूर्नामेंट का समापन करेंगी जिसमें से एक के हाथ में ट्रॉफी होगी।