Friday, June 12, 2026
Home Slider न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर जॉन रीड का निधन

न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर जॉन रीड का निधन

by Khel Dhaba
0 comment

ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान जॉन रीड का निधन हो गया है। वह 92 साल के थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रीड को 50 और 60 के दशक में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आलराउंडरों में गिना जाता था। उन्होंने 34 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने पहली तीन जीत दर्ज की थी।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने बयान में कहा, इस देश का जन जन उनके नाम से वाकिफ था और आगे भी रहेगा। उनके संज्ञान में जो भी बात लायी गयी उन्होंने उसके लिये मार्ग प्रशस्त करने में मदद की। एनजेडसी की विज्ञप्ति में हालांकि उनके निधन के कारण के बारे में नहीं बताया गया है।

रीड का जन्म ऑकलैंड में हुआ था लेकिन उनकी शिक्षा दीक्षा वेलिंगटन में हुई। उन्होंने 246 प्रथम श्रेणी मैचों में 41.35 की औसत से 16128 रन बनाये जिसमें 39 शतक शामिल हैं। उन्होंने 22.60 की औसत से 466 विकेट भी लिये।

आक्रामक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज रीड ने 1949 में 19 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 58 टेस्ट मैच खेले तथा 33.28 की औसत से 3428 रन बनाने के साथ 33.35 की औसत से 85 विकेट भी लिये थे।

रीड ने टेस्ट क्रिकेट में छह शतक लगाये। उनका उच्चतम स्कोर 142 रन था जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1961 में बॉक्सिंग डे टेस्ट में बनाया था। उन्होंने 1965 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। बाद में वह न्यूजीलैंड के चयनकर्ता, मैनेजर और आईसीसी मैच रेफरी बने थे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.