Thursday, May 21, 2026
Home झारखंडक्रिकेट रेलवे यूथ स्पोट्र्स अकादमी ने जीता गौरव सिंह मेमोरियल क्रिकेट का खिताब

रेलवे यूथ स्पोट्र्स अकादमी ने जीता गौरव सिंह मेमोरियल क्रिकेट का खिताब

फाइनल में अचीवर्स क्रिकेट एकेडमी को सात विकेट से हराया

by Khel Dhaba
0 comment

रांची, 21 मई। रांची जिला क्रिकेट संघ से पंजीकृत एवं रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में स्थानीय साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान पर गुरुवार यानी 21 मई को संपन्न तीसरे संस्करण गौरव सिंह मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब रेलवे यूथ स्पोट्र्स एकेडमी ने जीता। फाइनल मुकाबले में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी ने अचीवर्स क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। रेलवे यूथ के खिलाड़ियों इस खिताब को जीत अपने होनहार युवा क्रिकेट खिलाड़ी स्व. गौरव सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव थे। विशिष्ट अतिथियों में वार्ड सदस्य आरती कुमारी, रांची जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सह क्रिकेट प्रशिक्षक सौमित्र पटनायक, क्रिकेट प्रशिक्षक अनिसुर रहमान, पूर्व रणजी खिलाड़ी कौशल कुमार, एयू बैंक के क्लस्टर हेड आनंद कुमार, उत्तम कुमार, अमरेंद्र कुमार तथा सरला बिरला विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी सुभाष शाहदेव उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अजय नाथ शाहदेव ने गौरव सिंह के क्रिकेट जीवन, उनके अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना का उल्लेख करते हुए युवा खिलाड़ियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा। उन्होंने लाइव प्रसारण की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को अपने प्रदर्शन को देखने और समझने का अवसर मिला है। उन्होंने रेलवे स्पोर्ट्स अकैडमी को क्रिकेट के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

फाइनल मुकाबले में अचीवर्स क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य ने शानदार 62 रन तथा यश ने 25 रनों का योगदान दिया। रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से वेदांश और सौरव ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि उत्सव एवं बॉबी को 1-1 सफलता मिली।

146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 149 रन बना लिए और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। रेलवे यूथ की ओर से अभिज्ञान सिंह ने 74 रनों की मैच विजयी पारी खेली, जबकि आकाशत ने 28 रन बनाए। अचीवर्स क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य ने 2 विकेट प्राप्त किए।

फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिज्ञान सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले अचीवर्स क्रिकेट कल्ब के आदित्य प्रसाद को मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज एवं विकेट कीपर अभिज्ञान सिंह रेलवे स्पोर्ट्स अकैडमी को चुना गया, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज अचीवर्स क्रिकेट क्लब के आदित्य प्रसाद, रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के वेदांश पांडेय को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, सौरव कुमार रेलवे यूथ को उभरता खिलाड़ी घोषित किया गया।

विजेता रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी की टीम को ट्रॉफी के साथ 20000 तथा उपविजेता अचीवर्स क्रिकेट अकादमी को ट्रॉफी के साथ 10000 की नगद पुरस्कार राशि मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रदान की गई।

इस अवसर पर जूनियर क्रिकेटरों को प्रशिक्षण देने एवं रांची में क्रिकेट को बढ़ावा देने वाले 21 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही अंपायर प्रशांत कुमार, वासिद खान, शिवम कुमार एवं सुभाष यादव तथा स्कोरर मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी एवं मनीष पांडे को भी सम्मानित किया गया। वीडियो विश्लेषक के रूप में कुणाल कुमार सिंह, आयुष आर्यन, आकाश कुमार सिंह एवं पिंटू कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

पूरे टूर्नामेंट में 16 टीमों के लगभग 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी, अमर ज्योति, सुभाष यादव, शिवम कुमार, मनीष पांडे, आयुष आर्यन, अनुराग, विमल कुमार, प्रियांशु केसरी एवं कुणाल कुमार सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूरे प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया, जिसकी खेल प्रेमियों एवं उपस्थित दर्शकों ने भरपूर सराहना की।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights