Wednesday, May 13, 2026
Home IPL IPL 2026 DC VS KKR : दिल्ली के बल्लेबाजों के सामने वरुण-नारायण की बड़ी चुनौती

IPL 2026 DC VS KKR : दिल्ली के बल्लेबाजों के सामने वरुण-नारायण की बड़ी चुनौती

प्लेऑफ की उम्मीद बचाने के लिए दिल्ली और कोलकाता के बीच करो या मरो की जंग

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली, 7 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स शुक्रवार को आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स दस मैचों में आठ अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर है और उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी चारों मुकाबले जीतने होंगे। वहीं आठवें स्थान पर मौजूद केकेआर के लिए भी हर मैच जीतना जरूरी हो गया है।

मुकाबले से पहले सबसे बड़ी चर्चा पिच को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि दिल्ली प्रबंधन बल्लेबाजों के अनुकूल पिच नंबर छह चुन सकता है, जिस पर टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बनाए थे। हालांकि उस मैच में भी दिल्ली जीत हासिल नहीं कर सकी थी।

दिल्ली के बल्लेबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती केकेआर के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण होंगे। दोनों स्पिनरों ने इस सीजन में शानदार नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की है और धीमी पिचों पर बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है।

दिल्ली के बल्लेबाज सीम और स्पिन दोनों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सीम लेती पिच पर टीम ने छह विकेट सिर्फ नौ रन पर गंवा दिए थे, जबकि गुजरात और चेन्नई के स्पिनरों के खिलाफ भी बल्लेबाजी बिखर गई थी। ऐसे में पाथुम निसांका, समीर रिजवी और करूण नायर जैसे बल्लेबाजों की परीक्षा कड़ी रहने वाली है।

दिल्ली के लिए एक और चिंता कुलदीप यादव का खराब फॉर्म है। कुलदीप ने दस मैचों में सिर्फ सात विकेट लिए हैं और उनका इकॉनॉमी रेट भी दस से ऊपर रहा है। कप्तान अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।

दूसरी ओर केकेआर का शीर्ष क्रम भी इस सीजन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है। कप्तान आंजिक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में बदलने में नाकाम रहे हैं। टीम की बल्लेबाजी काफी हद तक रिंकू सिंह पर निर्भर रही है।

दिल्ली के लिए केएल राहुल शानदार फॉर्म में हैं और इस सीजन 180 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 445 रन बना चुके हैं। लेकिन दूसरे बल्लेबाजों से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला है।

संभावित टीमें

दिल्ली कैपिटल्स : अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पाथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, अजय जादव मंडल, करूण नायर, टी नटराजन।

कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे।

मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights