चेन्नई, 10 मई। उर्विल पटेल (65 रन) के रिकॉर्ड तेज अर्धशतक और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (42) के बेहतरीन बैटिंग के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 के अंतर्गत यहां रविवार यानी 10 मई को खेले गए मैच लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से पराजित किया।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए। चेन्नई सुपर किंग्स ने 204 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 208 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
अंतिम ओवर में सीएसके को 6 गेंद में 10 रन की जरुरत थी। मारक्रम ने पहली दो गेंद वाइड फेंकी। ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर शिवम दूबे ने लगातार दो छक्के जड़ कर सीएसके को पांच विकेट से जीत दिला दी।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से संजू सैमसन ने 28, कार्तिक शर्मा ने 20,डेवाल्ड ब्रेविस ने 10,प्रशांत वीर ने नाबाद 17 और शिवम दूबे ने नाबाद 15 रन की पारी खेली।
इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की 11 मैचों में 12 अंक हो गए हैं और वह तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गया। लखनऊ सुपर जायटंस अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।
इसके पहले लखनऊ सुपर जायंटस की ओर से जोश इंग्लिस ने 33 गेंद में 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से 85 रन की पारी खेलकर सुपरजायंट्स को आक्रामक शुरुआत दिलाई, लेकिन जैमी ओवरटन ने 36 रन देकर तीन विकेट लेकर सुपरकिंग्स की अच्छी वापसी कराई।
नूर अहमद ने भी चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया।