नईदिल्ली, 25 अप्रैल। उच्चतम न्यायालय ने अपने पूर्व न्यायाधीश हृषिकेश रॉय को बिहार क्रिकेट संघ का लोकपाल नियुक्त किया है। इससे पहले उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभय एस ओका को 20 मार्च को संघ का लोकपाल नियुक्त किया गया था। उन्होंने लोकपाल के रूप में कार्य करने के प्रति अपनी अनिच्छा व्यक्त की है, क्योंकि इसमें कुछ न्यायिक कार्य शामिल हैं।
न्यायमूर्ति जे बी परदीवाला और के वी विश्वनाथन की पीठ ने अपने 21 अप्रैल के आदेश में कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए हम इस न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय को बिहार क्रिकेट संघ का लोकपाल नियुक्त करते हैं। न्यायालय ने बिहार क्रिकेट संघ से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अदालत ने कहा कि उनकी फीस और नियुक्ति से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं संबंधित पक्षों से परामर्श कर तय की जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जस्टिस ओक ने यह कहते हुए लोकपाल बनने से असहमति जताई कि इस पद में न्यायिक प्रकृति के कार्य शामिल हैं। अतः हम जस्टिस हृषिकेश रॉय को बिहार क्रिकेट संघ का लोकपाल नियुक्त करते हैं। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व लोकपाल जस्टिस एल. एन. राव द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट रिकॉर्ड पर बनी रहेगी और अगली सुनवाई में उस पर विचार किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 13 मई, 2026 को निर्धारित की गई, जिसमें जस्टिस एल. एन. राव की रिपोर्ट के निष्कर्षों और सिफारिशों पर विचार किया जाएगा।