पटना, 2 अप्रैल। क्रिकेट में ऐसे संयोग कम ही देखने को मिलते हैं, लेकिन बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के तीसरे क्वार्टरफाइनल में एक अनोखा रिकॉर्ड बना। वैशाली के खिलाफ इस मैच में गोपालगंज के दो बल्लेबाज प्रशांत कुमार और अंकित यादव 99-99 रन पर आउट हुए और टीम ने मैच भी ठीक 99 रन से जीत लिया। गोपालगंज के प्रशांत कुमार (99 रन, दो विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मैच में वैशाली ने टॉस जीत कर गोपालगंज को बैटिंग का न्योता दिया। गोपालगंज ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 325 रन बनाये। जवाब में वैशाली की टीम 41.5 ओवर में 226 रन पर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ गोपालगंज ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
गोपालगंज का दबदबा
वैशाली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उनके खिलाफ चला गया।
गोपालगंज की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और कप्तान आर्यन राज जल्दी आउट हो गए, लेकिन इसके बाद प्रशांत कुमार और अंकित यादव ने पारी को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
दोनों बल्लेबाज शतक से चूके
प्रशांत कुमार ने 94 गेंदों पर 99 रन बनाए, जिसमें 15 चौके शामिल थे। वहीं अंकित यादव ने 98 गेंदों पर 99 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
दोनों बल्लेबाज अपने शतक से मात्र एक रन से चूक गए, लेकिन उनकी पारियों ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा सुजय कुमार शर्मा ने 28 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली, जिससे टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 325 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। वैशाली की ओर से मोहम्मद याकूब ने 3 विकेट लिए, जबकि मेहदी अब्दुल्ला और कप्तान आदर्श कुमार ने 2-2 विकेट झटके।
शुरुआत में ही बिखरी वैशाली टीम
326 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वैशाली टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई।
मध्यक्रम में दिव्यांशु ठाकुर ने 43 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि सत्यम राज ने नाबाद 35 रन बनाए।
मोहम्मद याकूब ने 30 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को कोई बड़ी साझेदारी नहीं मिल सकी और पूरी टीम 41.5 ओवर में 226 रन पर सिमट गई।
गोपालगंज के गेंदबाज सुजय कुमार शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
इसके अलावा मेहदी अब्दुल्ला और प्रशांत कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
संक्षिप्त स्कोर
गोपालगंज : 50 ओवर में नौ विकेट पर 325 रन, प्रशांत कुमार 99, आयुष्मान श्रीवास्तव 26, अंकित यादव 99, सत्यम राय 18, सुजय शर्मा 43, अतिरिक्त 24, सत्यम 2/45, अभिषेक आनंद 1/28, आदित्य आनंद 1/49, आदर्श कुमार 1/81, मोहम्मद याकूब 3/62.
वैशाली : 41.5 ओवर में 226 रन पर ऑल आउट, ईशांत राज 12, आदर्श कुमार 15, अंकित कुमार 15,दिव्यांशु ठाकुर 43, अभिषेक आनंद 21, आदित्य आनंद 27, मोहम्मद याकूब 30, सत्यम राज नाबाद 35, अतिरिक्त 20, नेयाज सरवर 1/41, सुजय शर्मा 4/50, मेंहदी अब्दुल्लाह 2/41, प्रशांत कुमार 2/9