पटना, 9 फरवरी। बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के घरेलू क्रिकेट लीग का बिगुल बज गया है। बीसीए ने घरेलू सत्र 2025-26 के लिए घरेलू मैचों की तिथि की घोषणा कर दी है। बीसीए के घरेलू क्रिकेट की शुरुआत सीनियर मेंस क्रिकेट से 20 फरवरी से शुरू होगा। इसे लेकर बिहार क्रिकेट संघ ने सभी जिला क्रिकेट संघों (DCA) को खिलाड़ियों के पंजीकरण संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश अपनी बेवसाइट पर जारी कर दिए हैं।
Cricheros पोर्टल से होगा खिलाड़ी पंजीकरण
बीसीए के अनुसार सभी जिला क्रिकेट संघों को खिलाड़ियों का पंजीकरण क्रिकहीरोज (Cricheros) ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा।
पुराने खिलाड़ियों को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं
पिछले सत्र में जिन खिलाड़ियों का पंजीकरण उनके संबंधित जिला संघों द्वारा क्रिकहीरोज Cricheros पोर्टल पर किया जा चुका है, उन्हें नया रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे खिलाड़ियों का री-रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। नए खिलाड़ियों के लिए ही पंजीकरण फॉर्म अनिवार्य होगा।

बीसीए ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की सत्यता की जिम्मेदारी संबंधित जिला संघ की होगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या दस्तावेजों में हेराफेरी की जिम्मेदारी अनुमोदन प्राधिकारी पर तय की जाएगी।
खिलाड़ी पंजीकरण की पात्रता (Eligibility Criteria)
पुरुष एवं महिला सीनियर – सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी पात्र
पुरुष एवं महिला अंडर-23 – जन्म 1 सितंबर 2003 या उसके बाद
पुरुष एवं महिला अंडर-19 – जन्म 1 सितंबर 2007 या उसके बाद
बॉयज अंडर-16 – जन्म 1 सितंबर 2010 से 31 अगस्त 2012 के बीच
गर्ल्स अंडर-15 – जन्म 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच
खिलाड़ी पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज
डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, पिछले तीन वर्षों की स्कूल मार्कशीट, पीवीसी आधार कार्ड (अंडर-16 बॉयज और अंडर-15 गर्ल्स के लिए अनिवार्य), पता प्रमाण, पैन कार्ड और वर्तमान स्कूल/कॉलेज का बोनाफाइड प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है।

एनओसी से जुड़ी अहम जानकारी
पिछले सत्र में किसी अन्य जिला क्रिकेट संघ से पंजीकृत खिलाड़ी यदि किसी नए जिला संघ से खेलना चाहता है, तो उसे पूर्व जिला संघ से एनओसी (No Objection Certificate) लेना अनिवार्य होगा। यदि सात दिनों के भीतर एनओसी जारी नहीं होती है, तो बिहार क्रिकेट संघ स्वयं एनओसी जारी करने के लिए स्वतंत्र होगा।
खिलाड़ी पंजीकरण की अंतिम तिथियां
पुरुष सीनियर – 15 फरवरी 2026, रात 8 बजे तक
पुरुष अंडर-23 – 25 फरवरी 2026, रात 8 बजे तक
पुरुष अंडर-19 – 5 मार्च 2026, रात 8 बजे तक
पुरुष अंडर-16 – 10 मार्च 2026, रात 8 बजे तक
बीसीए ने साफ किया है कि किसी भी प्रारूप में कुल खिलाड़ियों की संख्या 25 से अधिक नहीं होगी। निर्धारित तिथि और समय के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संपर्क जानकारी
पंजीकरण से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए रॉबिन अत्रे और ए. के. चंदन (मैनेजर – क्रिकेट ऑपरेशंस, बीसीए) से संपर्क किया जा सकता है।