पटना, 1 फरवरी। नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 69वें राष्ट्रीय विद्यालय खेल रग्बी प्रतियोगिता अंडर-19 में बिहार की बालिका और बालक अंडर-19 टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में बिहार की बालिका अंडर-19 रग्बी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया। क्वार्टर फाइनल में टीम ने राजस्थान को 32–00 से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ को 25–00 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में बिहार का सामना ओडिशा से हुआ, जहां कड़े संघर्ष के बावजूद बिहार को 20–00 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही बिहार की बालिका टीम ने रजत पदक अपने नाम किया।

वहीं बिहार की बालक अंडर-19 रग्बी टीम ने भी प्रभावशाली शुरुआत की। लीग मुकाबलों में बिहार ने मध्य प्रदेश को 25–00 और पंजाब को 45–00 से हराया। क्वार्टर फाइनल में राजस्थान को 32–05 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां टीम को महाराष्ट्र के खिलाफ 14–00 से पराजय झेलनी पड़ी। तीसरे और चौथे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में बिहार को दिल्ली से 12–10 के करीबी अंतर से हार मिली, जिसके चलते टीम चौथे स्थान पर रही।

बिहार की दोनों टीमों का यह प्रदर्शन राज्य में रग्बी खेल के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है और खिलाड़ियों के संघर्ष, अनुशासन तथा मेहनत को दर्शाता है। इस उपलब्धि पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद सदस्य सह रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष संजय प्रकाश मयुख, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण, कार्यकारी निदेशक रवीन्द्रनाथ चौधरी तथा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव पंकज कुमार ज्योति ने खिलाड़ियों को बधाई दी।