पटना, 25 अगस्त। बिहार की बेटियों ने शानदार खेल दिखाते हुए सबजूनियर बालिका राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप टियर-1 (Sub Junior Girls’ National Football Championship 2025-26) के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
असम के जोराहट मरियानी के बापूजी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बिहार के कर्नाटक को 2-0 से हराया। पूल डी में खेल रही बिहार की टीम ने अपने तीनों लीग मुकाबले जीते और 9 अंकों के साथ पूल टॉप रही।
बिहार के अपने पहले मैच में पंजाब को 20-0 और दूसरे मैच में मध्यप्रदेश को 7-0 से हराया।
सोमवार की सुबह कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। बिहार की रंजना कुमारी ने भले ही गोल नहीं दागा पर उन्होंने गोल करने में मदद की और साथ में कर्नाटक की अग्रिम पंक्ति को रोक कर रखा। रंजना कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बिहार की शुरुआत बहुत ही शानदार रही। पहले ही मिनट में पिंकी कुमारी ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। 20वें मिनट में पिंकी को पीला कार्ड दिखाया गया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच जोर आजमाइश चलती रही। पहले हाफ का खेल खत्म होने के पहले इस टूर्नामेंट में गोलों की बारिश कर रहीं और कप्तान रिंकी कुमारी चौहान इस मैच का पहला और कुल 15वां गोल दाग कर बिहार को 2-0 से आगे कर दिया। यही परिणाम अंत तक कायम रहा।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल दागने के खूब प्रयास किये पर सफलता हाथ नहीं लगी और अंतत: बिहार ने इस मैच को 2-0 से जीत लिया। बिहार टीम की इस उपलब्धि पर बिहार फुटबॉल जगत के बधाई और शुभकामनाएं दी है।
