यूरोप की सबसे प्रतिष्ठित क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता यूएफा चैंपियंस लीग (UEFA Champions League) अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है और इस बार क्वार्टरफाइनल मुकाबलों ने पूरे फुटबॉल जगत में रोमांच और अनिश्चितता बढ़ा दी है। पहले लेग के नतीजों के बाद हालात ऐसे बन गए हैं कि कई बड़ी और पारंपरिक ताकतें टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर खड़ी हैं। रियाल मैड्रिड, लिवरपूल और बार्सिलोना जैसे क्लबों को अब दूसरे लेग में करिश्माई प्रदर्शन करना होगा। क्वार्टरफाइनल का दूसरा लेग 15 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है
रियाल मैड्रिड बनाम बायर्न म्यूनिख: इतिहास बचाने की चुनौती
रिकॉर्ड 15 बार की चैंपियन रियाल मैड्रिड को अपने घरेलू मैदान सैंटियागो बर्नाबेउ में बायर्न म्यूनिख के खिलाफ 2-1 की हार झेलनी पड़ी। यह हार सिर्फ स्कोरलाइन नहीं, बल्कि मानसिक बढ़त के लिहाज से भी बायर्न के पक्ष में गई है। अब मैड्रिड को जर्मनी के कठिन माहौल में जीत दर्ज करनी होगी। बायर्न इस सीजन शानदार लय में है। टीम ने अधिकांश मुकाबलों में दबदबा दिखाया है और उसके पास हैरी केन, माइकल ओलिसे और लुइस डियाज जैसे खतरनाक अटैकिंग खिलाड़ी हैं। हालांकि पहले लेग में मैनुअल नोयर के बेहतरीन प्रदर्शन ने मैड्रिड को बड़े अंतर से हारने से बचाया। यही बात मैड्रिड के लिए उम्मीद भी जगाती है। अगर वे अपने मौकों को गोल में बदल सकें, तो वापसी संभव है।
लिवरपूल बनाम पेरिस सेंट जर्मेन: चमत्कार की उम्मीद
लिवरपूल के सामने स्थिति और भी कठिन है। पहले लेग में पेरिस सेंट-जर्मेन ने 2-0 की बढ़त बना ली है और वह पूरे मैच में ज्यादा प्रभावी नजर आई। पीएसजी के कोच लुइस एनरिके की टीम ने कई मौके बनाए और अगर वे उन्हें भुना लेते तो अंतर और बड़ा हो सकता था। दूसरी ओर लिवरपूल के कोच आर्ने स्लॉट को उम्मीद है कि घरेलू मैदान का माहौल उनकी टीम को नई ऊर्जा देगा। लिवरपूल का इतिहास बताता है कि वह बड़े मुकाबलों में वापसी करने में माहिर है। 2019 में बार्सिलोना के खिलाफ 4-0 की ऐतिहासिक जीत इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
बार्सिलोना बनाम एटलेटिको मैड्रिड: दोबारा वापसी की परीक्षा
बार्सिलोना के लिए एटलेटिको मैड्रिड के खिलाफ 2-0 की हार काफी चौंकाने वाली रही। अब उन्हें मेट्रोपोलिटानो स्टेडियम में वापसी करनी होगी, जहां एटलेटिको का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। बार्सिलोना के पास रॉबर्ट लेवांडोव्स्की, लामिन यमाल, फेरान टोरेस और मार्कस रैशफोर्ड जैसे आक्रामक खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। हालांकि, राफिन्हा की चोट टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि बार्सिलोना पहले भी बड़े अंतर से पिछड़ने के बाद वापसी कर चुकी है, जो उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
आर्सेनल बनाम स्पोर्टिंग लिस्बन: बढ़त के बावजूद सावधानी जरूरी
आर्सेनल ने स्पोर्टिंग लिस्बन के खिलाफ 1-0 की बढ़त बना ली है, लेकिन टीम का हालिया प्रदर्शन चिंता का विषय है। प्रीमियर लीग में खिताब की दौड़ के साथ-साथ चैंपियंस लीग में आगे बढ़ने का दबाव साफ नजर आ रहा है। हाल के मुकाबलों में हार ने टीम के आत्मविश्वास को थोड़ा कमजोर किया है, ऐसे में दूसरे लेग में उन्हें संयम और संतुलन के साथ खेलना होगा।
कार्यक्रम
क्वार्टरफाइनल दूसरा लेग
15 अप्रैल (बुधवार): एटलेटिको मैड्रिड बनाम बार्सिलोना। लिवरपूल बनाम पेरिस सेंट-जर्मेन
16 अप्रैल (गुरुवार): आर्सेनल बनाम स्पोर्टिंग सीपी। बायर्न म्यूनिख बनाम रियाल मैड्रिड
सेमीफाइनल
पहला लेग: 28/30 अप्रैल 2026
क्वार्टरफाइनल 1 के विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 2 के विजेता
क्वार्टरफाइनल 3 के विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 4 के विजेता
दूसरा लेग: 5/7 मई 2026
क्वार्टरफाइनल 2 के विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 1 के विजेता
क्वार्टरफाइनल 4 के विजेता बनाम क्वार्टरफाइनल 3 के विजेता
फाइनल
30/31 मई 2026
सेमीफाइनल 1 के विजेता बनाम सेमीफाइनल 2 के विजेता