सलेम, 18 सितंबर (वार्ता) दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दक्षिण क्षेत्र का मुकाबला पश्चिम क्षेत्र से होगा। दक्षिण क्षेत्र ने सेमीफाइनल में उत्तर क्षेत्र को 645 रन से पराजित किया जबकि पश्चिम क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र को 279 से पराजित किया।
दक्षिण क्षेत्र बनाम उत्तर क्षेत्र
दक्षिण क्षेत्र ने रोहन कुन्नुमल, हनुमा विहारी, रिकी भुई और टी रवि तेजा के शतकों के साथ रविश्रीनिवासन साई किशोर (10 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत दलीप ट्रॉफी के एकतरफा सेमीफाइनल मैच में रविवार को उत्तर क्षेत्र को 645 रन से मात दी।
पहली पारी में 423 रन की बढ़त हासिल करने वाली दक्षिण ने दूसरी पारी में 316 रन बनाकर उत्तर को 740 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में उत्तर 94 रन पर ऑलआउट हो गयी। दक्षिण क्षेत्र ने रनों के मामले में भारतीय प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।

पश्चिम क्षेत्र बनाम मध्य क्षेत्र
पश्चिम क्षेत्र ने पृथ्वी साव (60 और 142) की शानदार बल्लेबाजी और शम्स मुलानी (छह विकेट) के पंजे की बदौलत मध्य क्षेत्र को दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में रविवार को 279 रन से हराया।
मध्य क्षेत्र ने 501 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन 33/2 के स्कोर से शुरुआत की और 221 रन पर सिमट गयी। कुमार कार्तिकेय (39) और शुभम शर्मा (24) ने तीसरे विकेट के लिये 64 रन जोड़े। अतीत सेठ ने कार्तिकेय को पवेलियन लौटाया, जबकि शम्स मुलानी ने शुभम को आउट किया। चिंतन गाजा ने प्रियम गर्ग (06) और करन शर्मा (14) को क्रीज पर टिकने का मौका नहीं दिया।




