पटना, 4 अप्रैल। बिहार फुटबॉल संघ के तत्वावधान में खेली जा रही बिहार सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के प्रारूप को लेकर नया विवाद सामने आया है। पटना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रामईश्वर प्रसाद और सचिव मनोज कुमार ने पटना टीम की भागीदारी पर सवाल उठाया है।
उन्होंने कहा कि पटना फुटबॉल संघ ने इस चैंपियनशिप में भाग लेने से मना कर दिया था क्योंकि इस चैंपियनशिप का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस क्लब की भागीदारी राज्य संघ के द्वारा इस प्रतियोगिता में कराई जा रही है वह पटना फुटबॉल संघ के पंजीकृत नहीं है।
सचिव मनोज कुमार ने ऐसी स्थिति में इस टीम का स्टेट चैंपियनशिप में शामिल होना नियमों के विरुद्ध प्रतीत होता है। संघ ने यह भी दावा किया कि पीएफए द्वारा किसी भी टीम को इस प्रतियोगिता में भाग लेने की स्वीकृति नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिहार फुटबॉल संघ को भी पत्र भेजा गया है और पूरे मामले पर जल्द से जल्द स्पष्टीकरण देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि यदि नियमों की अनदेखी कर टीमों को शामिल किया गया तो इससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि बिहार फुटबॉल संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को पटना का मैच प्रस्तावित है और पटना के नाम किसी क्लब की भागीदारी करना गलत है।