पूर्णिया, 1 मार्च। कटिहार ने अपना विजय क्रम जारी रखते हुए बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के अपने तीसरे मैच में अररिया को 4 विकेट से पराजित किया।
सीमाचंल जोन की अंक तालिका में कटिहार और पूर्णिया दोनों ने 3-3 मुकाबले जीते हैं और दोनों के खाते में 12 अंक है। नेट रन रेट के हिसाब से कटिहार अभी टॉप पर है। 2 मार्च को कटिहार बनाम पूर्णिया मैच से इस जोन के शीर्ष टीम का फैसला होगा।
मैच का सार
पूर्णिया के विद्या विहार ग्राउंड पर खेले गए मैच में अररिया ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। अमन राज की 76 रन की पारी की बदौलत 42 ओवर में सभी विकेट खोकर 220 रन बनाये। जवाब में कटिहार ने अंकित सिंह ने 81 रन की मदद से 34.5 ओवर में 6 विकेट पर 223 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। अंकित सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अमन राज की संघर्षपूर्ण पारी
अररिया की ओर से अमन संजय राज ने 76 रन की शानदार पारी खेली और टीम को शुरुआती झटकों से उबारते हुए मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उज्ज्वल कुमार ने 32 रन और कप्तान श्रवण कुमार ने नाबाद 33 रन का योगदान दिया। हालांकि मध्यक्रम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
हर्ष नंदा और खालिद आलम की प्रभावी गेंदबाजी
कटिहार की ओर से हर्ष नंदा ने 7 ओवर में 4 विकेट लेकर अररिया की पारी को झकझोर दिया। खालिद आलम ने 3 विकेट और आयुष कुमार ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को 220 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
अंकित सिंह का मैच जिताऊ प्रदर्शन
लक्ष्य का पीछा करते हुए कटिहार को मजबूत शुरुआत मिली। अंकित सिंह ने 81 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा अभिषेक कुमार ने 36 रन और मयंक पमनानी ने 36 रन का योगदान दिया। कप्तान सूरज कुमार ने तेज 28 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह कटिहार की ओर मोड़ दिया।

अररिया की गेंदबाजी बेअसर
अररिया की ओर से उत्तम कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि अमन राज, श्रवण कुमार और नवनीत किसलय को एक-एक सफलता मिली। लेकिन गेंदबाज लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके और कटिहार ने मुकाबला आसानी से जीत लिया।
संक्षिप्त स्कोर
अररिया : 220/10 (42 ओवर), अमन राज 76, उज्ज्वल कुमार 32, श्रवण कुमार नाबाद 33, आदर्श सिन्हा 23, मो. मुस्तफा असफाक 14, हर्ष नंदा 4/43, खालिद आलम 3/42, आयुष कुमार 2/45, आनंद यादव 1/25
कटिहार : 223/6 (34.5 ओवर), अंकित सिंह 81, अभिषेक कुमार 36, मयंक पमनानी 36, सूरज कुमार 28, खालिद आलम 11, मोहम्मद हजरत अली नाबाद 10, उत्तम कुमार 2/42, नवनीत किसलय 1/35, अमन राज 1/52, श्रवण कुमार 1/61
यह भी पढ़ें :
दरभंगा बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में
भागलपुर बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के अंतिम 8 में