Thursday, June 4, 2026
Home Uncategorized झंझारपुर क्रिकेट क्लब बना मधुबनी जिला क्रिकेट लीग का चैंपियन

झंझारपुर क्रिकेट क्लब बना मधुबनी जिला क्रिकेट लीग का चैंपियन

नन्हे क्रिकेट एकेडमी की टीम 4 विकेट से हारी

by Khel Dhaba
0 comment

मधुबनी जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित मधुबनी जिला लीग सत्र 2025–26 का फाइनल मुकाबला आज ललित कर्पूरी स्टेडियम, झंझारपुर में नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी और झंझारपुर क्रिकेट क्लब, झंझारपुर के बीच खेला गया जिसमें झंझारपुर क्रिकेट क्लब ने चार विकेट से जीत हासिल की।। मैच को 35–35 ओवर का निर्धारित किया गया था और मुकाबले का संचालन निर्णायक अमरेंद्र पांडेय तथा आकाश जी ने किया।

टॉस जीतकर नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पूरी टीम 19.2 ओवर में मात्र 66 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी में अश्वनी मिश्रा ने 15 रन, प्रिंस ने 10 रन और दिव्यांशु ने 7 रन का योगदान दिया। झंझारपुर क्रिकेट क्लब की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अंकित झा और नीरज ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि नीतीश और आदित्य को दो-दो सफलता मिली।

67 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी झंझारपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 13 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ झंझारपुर क्रिकेट क्लब ने 4 विकेट से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य ने 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि लक्ष्मण ने 10 और अंकित ने 5 रन जोड़े। नन्हे क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में राधे कृष्णा ने 4 विकेट लिए, जबकि दीपक और पंकज को एक-एक विकेट मिला।

शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अंकित झा को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें कैलाश भंडारी ने सम्मानित किया।

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी, झंझारपुर तथा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे। उनके साथ वार्ड पार्षद वीरेन्द्र नारायण भंडारी, सुधीर कुमार राय, गंगा प्रसाद यादव, पूर्व क्रिकेटर सुभाष केजरीवाल, एमडीसीए अध्यक्ष ओंकार नाथ झा, संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

मुख्य अतिथियों ने विजेता टीम झंझारपुर क्रिकेट क्लब, झंझारपुर को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी को वार्ड पार्षदों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बिहार अंडर-23 खिलाड़ी आदित्य राज और बिहार अंडर-16 खिलाड़ी उज्ज्वल राज को भी सम्मानित किया गया। सफल आयोजन के लिए जिला लीग संचालक अनिल कुमार और प्रफुल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.