Tuesday, May 19, 2026
Home IPL IPL 2026 KKR VS MI : केकेआर के लिए करो या मरो का मुकाबला

IPL 2026 KKR VS MI : केकेआर के लिए करो या मरो का मुकाबला

रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा मुंबई, मुकाबला 20 मई को

by Khel Dhaba
0 comment

कोलकाता, 19 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों को जिंदा रखने के के लिए कोलकाता नाइटराइड्र्स को 20 मई यानी बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में किसी तरह की कोर कसर नहीं छोड़नी होगी।
प्ले ऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की टीम भी अपने अभियान को सुखद समापन के लिए केकेआर के समीकरण बिगाड़ने के लिए प्रतिबद्ध होगी। अगर इस मैच में केकेआर हार जाती है, तो आजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में लगातार दूसरे सत्र में उसकी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहेगी।

दूसरे मैचों पर भी निर्भरता

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खिताब जीतने के एक साल बाद 2025 में केकेआर आठवें स्थान पर रहा था। मुंबई के खिलाफ जीत से भी केकेआर का काम पूरा नहीं होगा। उसका भाग्य अभी भी शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मैच पर निर्भर करेगा। अगर पंजाब वह मैच जीत जाता है तो रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच महज औपचारिकता रह जाएगा।

यह है वर्तमान परिदृश्य

मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं।

इससे पांच टीम पंजाब किंग्स (13 अंक), राजस्थान रॉयल्स (12), चेन्नई सुपर किंग्स (12), दिल्ली कैपिटल्स (12) और कोलकाता नाइट राइडर्स (11) बाकी बचे एक प्लेऑफ स्थान हासिल करने की दौड़ में हैं। इनमें से केवल राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के ही दो मैच बचे हैं।

राजस्थान के लिए सबसे सरल समीकरण है। लखनऊ और मुंबई के खिलाफ अपने बचे हुए दोनों मैच जीतकर 16 अंक हासिल करके क्वालीफाई करना। दूसरी ओर केकेआर को न केवल अपने दोनों मैच जीतने होंगे, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब की टीम लखनऊ से हार जाए। पंजाब का नेट रन रेट केकेआर से बेहतर है।

शुरुआत खराब होने से केकेआर का समीकरण गड़बड़ाया

केकेआर ने अपने पिछले छह मैचों में से पांच में जीत हासिल की है लेकिन टूर्नामेंट के शुरू में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिससे टीम को काफी नुकसान हुआ। कप्तान रहाणे और कोच अभिषेक नायर को विजयी संयोजन तय करने में लगभग सात मैच लग गए।

बैटिंग में एलन का है जलवा

फिन एलन ने शीर्ष क्रम में अपनी फॉर्म को फिर से हासिल कर लिया है। उन्होंने अपनी पिछली तीन पारियों में एक शतक और 93 रन की तूफानी पारी खेली है, जबकि युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन का आत्मविश्वास हर मैच के साथ बढ़ता जा रहा है। शीर्ष क्रम में रहाणे एकमात्र कमजोर कड़ी रहे हैं, लेकिन उप-कप्तान रिंकू सिंह ने मध्य क्रम में फिनिशर की अपनी भूमिका को बखूबी निभाया है। केकेआर के लिए गेंदबाजी विभाग में मथीशा पथिराना और वरुण चक्रवर्ती की चोट चिंता का विषय है।

निराशाजनक शुरुआत का सुखद अंत करना चाहेगी मुंबई

मुंबई इंडियंस अब अपने निराशाजनक सत्र का अंत जीत के साथ करना चाहेगा। उसके कप्तान हार्दिक पंड्या इस मैच में वापसी कर सकते हैं। वह चोट के कारण पिछले तीन मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने सोमवार को जमकर अभ्यास किया। हार्दिक का प्रदर्शन हालांकि अभी तक अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने आठ पारियों में 20.85 के औसत से 146 रन बनाए हैं, जबकि लगभग 11.90 की इकॉनमी रेट से केवल चार विकेट लिए हैं। मुंबई के लिए इस सत्र में उसके स्टार भारतीय खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा और तिलक वर्मा के प्रदर्शन में भी निरंतरता का अभाव रहा है।

टीम इस प्रकार हैं:

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और प्रशांत सोलंकी।

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, राज बावा, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, एएम गजनफर, मयंक रावत, रघु शर्मा, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार और रॉबिन मिंज।

मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights