Monday, May 18, 2026
Home IPL IPL 2026 DC VS RR : दिल्ली ने राजस्थान को हराया

IPL 2026 DC VS RR : दिल्ली ने राजस्थान को हराया

अंक तालिका में छठे नंबर पर पहुंचा राजस्थान

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली, 17 मई (भाषा) मिचेल स्टार्क के चार गेंद में तीन विकेट और सलामी जोड़ी अभिषेक पोरेल (51 रन) और केएल राहुल (56) के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के मैच में रविवार को 5 विकेट से पराजित किया।

इस जीत में कप्तान अक्षर पटेल की नाबाद 34 रन और आशुतोष शर्मा की नाबाद 18 रन की पारी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

राजस्थान रॉयल्स ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 193 रन बनाये। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 197 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ राजस्थान रॉयल्स में छठे नंबर पर आ गई है जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस जीत के साथ सांतवें नंबर पर आ गई है। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार तीसरी हार है।

इसके पहले एक समय पर लग रहा था कि रॉयल्स 230 – 240 के आसपास पहुंच जायेगी लेकिन सीम और स्विंग के महारथी आस्ट्रेलियाई धुरंधर स्टार्क ने 15वें ओवर में आक्रामक खेल रहे रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (26 गेंद में 51) और डोनोवन फरेरा (0) को लगातार गेंद पर आउट किया जबकि रवि सिंह (चार) भी पगबाधा आउट हुए ।

रॉयल्स का स्कोर 14वें ओवर के बाद दो विकेट पर 160 रन था और लग रहा था कि टीम 230 के आसपास पहुंच जायेगी लेकिन आखिरी छह ओवर में सिर्फ 33 रन बने और छह विकेट गिर गए । स्टार्क ने चार ओवर में 40 रन देकर चार, लुंगी एंगिडि ने चार ओवर में 24 रन देकर और माधव तिवारी ने 27 रन देकर दो दो विकेट लिये ।

स्टार्क का चौथा शिकार दासुन शनाका (10) बने जो 19वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को कैच देकर लौटे ।

Join Our Whatsapp Group
रॉयल्स के लिये पराग के अलावा ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी (21 गेंद में 46 रन) और ध्रुव जुरेल (40 गेंद में 53 रन) ने उपयोगी पारियां खेली । आईपीएल के इस सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यवंशी को देखने के लिये अरूण जेटली स्टेडियम में भारी तादाद में दर्शक पहुंचे थे और इस युवा बल्लेबाज ने उन्हें निराश भी नहीं किया ।

पहले ओवर में स्टार्क का सामना हालांकि यशस्वी जायसवाल ने किया और उन्हें फॉरवर्ड स्क्वेयर लेग, स्ट्रेट तथा एक्स्ट्रा कवर में चौके लगाये । सूर्यवंशी ने लुंगी एंगिडि को पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला । इसी ओवर में हालांकि जायसवाल ( नौ गेंद में 12 रन) पवेलियन लौट गए जिनका कैच स्टार्क ने लपका ।

स्टार्क का स्वागत अगले ओवर में सूर्यवंशी ने शार्ट थर्डमैन पर चौके के साथ किया । सौ से ज्यादा टेस्ट खेल चुके स्टार्क की 140 किमी रफ्तार की गेंद पर पूरी सहजता से सूर्यवंशी ने लांग लेग की तरफ ऊंचा छक्का लगाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया ।

आईपीएल में पदार्पण कर रहे त्रिपुराना विजय को दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने पावरप्ले के भीतर ही गेंद सौंप दी जिन्हें तीन चौके और एक छक्का लगाकर सूर्यवंशी ने दबाव में ला दिया । वह हालांकि खुशकिस्मत रहे कि समीर रिजवी उनका कठिन कैच नहीं लपक सके जब वह 31 रन पर थे । मिड आन से पीछे की ओर भागते हुए रिजवी ने गेंद को लपकने के लिये दिशा बदली लेकिन उनका अनुमान गड़बड़ा गया ।

दूसरे छोर से जुरेल ने मुकेश कुमार को छक्का लगाकर दूसरे विकेट के लिये 23 गेंद में 50 रन की साझेदारी पूरी की । पावरप्ले के छह ओवरों के बाद रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 75 रन था ।

अक्षर ने आठवें ओवर में गेंद माधव तिवारी को सौंपी जिन्होंने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरकर सूर्यवंशी ( पांच चौके और तीन छक्के) की पारी का अंत किया । सूयवंशी का कैच डेविड मिलर ने लपका।

सूर्यवंशी के जाने के बाद कप्तान पराग ने मोर्चा संभाला और 11वें ओवर में अक्षर को दो छक्के लगाये । पिछले ओवर में माधव की गेंद पर सीमारेखा के पास ट्रिस्टन स्टब्स ने उनका कैच लपका और अंपायर ने आउट भी करार दिया लेकिन रिव्यू से पता चला कि गेंद जमीन को छू गई थी लिहाजा अंपायर का फैसला बदला ।

पराग ने 12वें ओवर में मुकेश की गेंदों की जमकर धुनाई करते हुए 23 रन निकाले जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था । इसमें लांग आन पर एक छक्का तो 89 मीटर का था ।पराग ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से पूरा किया ।

इसके बाद स्टार्क 15वें ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और रॉयल्स को अपेक्षित स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया ।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights