Saturday, June 20, 2026
Home Slider राजकोट वनडे जीत भारत ने की सीरीज में वापसी, ऑस्ट्रेलिया हारा

राजकोट वनडे जीत भारत ने की सीरीज में वापसी, ऑस्ट्रेलिया हारा

by Khel Dhaba
0 comment

राजकोट। शिखर धवन, विराट कोहली और केएल राहुल की शानदार बैटिंग और फिर मो शमी (3 विकेट), सैनी (2 विकेट), रवींद्र जडेजा (दो विकेट) और कुलदीप यादव (2 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हरा कर तीन मैचों की सीरीज में वापसी की।

भारत ने पहले बैटिंग करते हुए शिखर धवन (96 रन), कप्तान विराट कोहली (78 रन) और केएल राहुल (80 रन) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 340 रन का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.1 ओवर में स्टीव स्मिथ (98 रन) और लुबाशेन (46 रन) की शानदार बैटिंग के बाद भी सभी विकेट खोकर 304 रन ही बना सकी। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने 58 रन देकर 3, नवदीप सैनी ने 62 रन देकर दो, रवींद्र जडेजा ने 58 रन देकर दो, कुलदीप यादव ने 65 रन देकर दो और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट चटकाये।

इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में फार्म में वापसी करने वाले बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज धवन ने 90 गेंदों पर 96 रन बनाये जबकि अपने पसंदीदा तीसरे नंबर पर उतरने वाले कोहली ने 76 गेंदों पर 78 रन और राहुल ने 52 गेंदों पर 80 रन की लाजवाब पारियां खेली।

धवन ने अपने सलामी जोड़ीदार रोहित शर्मा (42) के साथ पहले विकेट के लिये 81 रन जोड़े और फिर उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिये 103 रन की साझेदारी निभायी। कोहली और राहुल ने भी केवल 10.3 ओवर में 78 रन की भागीदारी की। राहुल ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरने में अहम भूमिका निभायी।

धवन की पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल है जबकि कोहली ने छह चौके लगाये। पैट कमिन्स पर लगाया गया उनका चौका दर्शनीय था। राहुल ने अपने आक्रामक अंदाज का खुलकर प्रदर्शन किया तथा छह चौके और तीन छक्के लगाये। उन्होंने मिशेल स्टार्क पर भी छक्का जड़ा। स्टार्क काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने दस ओवर में 78 रन दिये। उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।

एडम जंपा (दस ओवर में 50 रन देकर तीन) आस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे। कोहली जब अपने 44वें शतक की तरफ बढ़ रहे थे तब उन्होंने भारतीय कप्तान को पवेलियन भेजा। यह सीमित ओवरों की क्रिकेट में सातवां अवसर है जबकि जंपा ने कोहली को आउट किया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.