पटना, 19 जून। साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से दो दिवसीय राज्य तकनीकी अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय पटना यूथ हॉस्टल में शुरू हुआ। इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष जगजीवन सिंह, संघ के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह, एम. के. पाशा एवं स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट सुश्री साक्षी सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दो दिवसीय आयोजन में विभिन्न जिलों के कुल 52 पुरुष एवं महिला प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि राज्य में आयोजित की जाने वाली साइक्लिंग की विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु साइक्लिंग से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों की उपयोगिता को देखते हुए राज्य स्तर पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य प्रशिक्षक (चीफ इंस्ट्रक्टर) एम. के. पाशा ने साइक्लिंग से संबंधित बिंदुओं साइक्लिंग की शासन संरचना एवं राज्य स्तर की संरचना में कमिसेयरों की भूमिका, प्रशासनिक आवश्यकताएँ, कमिसेयर आचार संहिता एवं नैतिकता,गोपनीयता एवं निष्पक्षता,हितों का टकराव (स्वार्थ-संघर्ष),यूसीआई नियमावली एवं उसका प्रभावी उपयोग,नियमावली के विभिन्न भागों की संरचना,महत्वपूर्ण अनुच्छेदों की पहचान एवं उनका स्थान,कमिसेयरों के लिए पेशेवर दृष्टिकोण और शांतचित्तता, दृढ़ संकल्प, धैर्य एवं दूरदर्शिता पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा सत्र 20 जून यानी शनिवार को भी जारी रहेगा।