Saturday, June 6, 2026
Home Women's Hockey Asia Cup महिला एशिया कप हॉकी में भारत का धमाकेदार आगाज

महिला एशिया कप हॉकी में भारत का धमाकेदार आगाज

थाईलैंड को 11-0 से रौंदा, अगला मुकाबला जापा से

by Khel Dhaba
0 comment

हांगझोउ (चीन), 5 सितंबर। भारत की महिला हॉकी टीम ने महिला एशिया कप हॉकी में अपने अभियान की शुरुआत जोरदार जीत के साथ की। शुक्रवार को खेले गए पूल बी मुकाबले में भारतीय टीम ने थाईलैंड को एकतरफा अंदाज में 11-0 से मात दी।

भारत की जीत में उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग ने दो-दो गोल दागे। उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल किए, जबकि डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया।

इनके अलावा मुमताज खान (7वां मिनट), संगीता कुमारी (10वां), नवनीत कौर (16वां), लालरेम्सियामी (18वां), थौदाम सुमन देवी (49वां), शर्मिला देवी (57वां) और रुताजा दादासो पिसल (60वां) ने भी गोल दागकर भारत की जीत को यादगार बनाया।

हाफ टाइम तक भारत ने 5-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी। विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने 30वें स्थान की थाईलैंड टीम को पूरी तरह दबाव में रखा।

इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। हर पूल से शीर्ष दो टीमें सुपर-4 चरण में जगह बनाएंगी। वहीं सुपर-4 की शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगी।

गौरतलब है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने दो अनुभवी खिलाड़ियों गोलकीपर सविता पूनिया और ड्रैग फ्लिकर दीपिका के बिना खेल रही है, जो चोट के चलते बाहर हैं।

एशिया कप की विजेता टीम को अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा। भारत अब शनिवार को जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगा, जबकि पूल चरण का अंतिम मुकाबला वह 8 सितंबर को सिंगापुर से खेलेगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.