सांता क्लारा (कैलिफोर्निया), 17 जून। फीफा विश्व कप 2026 के अंतर्गत बुधवार को खेले गए ग्रुप जे के मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने जार्डन को 3-1 से हरा कर जीत हासिल की। ऑस्ट्रिया ने विश्व कप में 36 साल बाद यह जीत हासिल की है। इसके पहले ऑस्ट्रिया ने वर्ष 1990 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में अमेरिका को हराया था।
रोमांचक रहा मुकाबला
मैच काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों की ओर से गोल करने का प्रयास किया जाता रहा। खेल के 20वें मिनट में रोमानो श्मिड ने गोल कर ऑस्ट्रिया को बढ़त दिलाई। एक शानदार मूव में रोमानो श्मिड ने गोल में तब्दील किया। पहले हाफ तक ऑस्ट्रिया की टीम 1-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ का खेल शुरू होते ही जार्डन ने हमला करना शुरू किया। अली ओल्वान ने 50वें मिनट में जॉर्डन के लिए बराबरी का गोल किया। उन्होंने काउंटर-अटैक पर बॉक्स के अंदर तक लंबी दौड़ लगाई और दाहिने पैर से शॉट मारकर अलेक्जेंडर श्लागर को छका दिया, जिससे जॉर्डन के प्रशंसकों का बड़ा समूह खुशी से झूम उठा।
दूसरे हाफ में दागे गए दो गोल
मुकाबला बराबरी पर आने के बाद दोनों ओर से हमले जारी रहे। खेल के 76वें मिनट में ऑस्ट्रिया खिलाड़ी द्वारा मारे गए कार्नर किक को बचाने के चक्कर में जॉर्डन के डिफेंडर याज़न अल अरब से सर से टकराकर गेंद गोल पोस्ट में चली गई और इस आत्मठघाती गोल के सहारे ऑस्ट्रिया को 2-1 की बढ़त मिल गई।
खेल अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रहा था। स्टॉपेज टाइम में ऑस्ट्रिया के खिलाड़ी द्वारा जार्डन के गोल पोस्ट की ओर शॉट दागा जो जार्डन के खिलाड़ी के हाथ से टकरा गई। इसके बाद वीएआर के द्वारा ऑस्ट्रिया को पेनाल्टी मिली। पेनाल्टी किक मार रहे मार्को अर्नाटोविच ने बिना कोई गलती किये गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और 3-1 की मजबूत बढ़त दिला दी और जो अंत तक कायम रहा।
डेब्यू कर रही जॉर्डन की टीम और पिछले छह टूर्नामेंट से बाहर रहने के बाद फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर लौटी ऑस्ट्रियाई टीम के बीच हुए इस मैच में काफी रोमांच देखने को मिला।
जार्डन का सपना टूटा
जॉर्डन अपने वर्ल्ड कप डेब्यू मैच में जीत हासिल करने वाला पहला देश बनने की कोशिश में नाकाम रहा। ऐसा कारनामा आखिरी बार 2002 में सेनेगल ने मौजूदा चैंपियन फ्रांस के खिलाफ किया था।
जॉर्डन अगले सोमवार को अल्जीरिया के खिलाफ अपने दूसरे मैच के लिए सांता क्लारा लौटेगा। अल्जीरिया को ग्रुप जे के पहले मैच में अर्जेंटीना से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। उसी दिन डलास इलाके में ऑस्ट्रिया का मुकाबला लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना से होगा।