Thursday, June 4, 2026
Home Uncategorized कैप्टन निषाद धमाका डे-नाइट टूर्नामेंट का भव्य आगाज

कैप्टन निषाद धमाका डे-नाइट टूर्नामेंट का भव्य आगाज

एक दिवसीय महिला क्रिकेट मैच से हुई शुरुआत, याशिता सिंह चमकी

by Khel Dhaba
0 comment

बिदुपुर, 28 दिसंबर। स्थानीय बिहार क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर शनिवार को कैप्टन निषाद फाउंडेशन के तत्वावधान में कैप्टन निषाद धमाका डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ एक रोमांचक महिला एकदिवसीय मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच कैप्टन निषाद फाउंडेशन और बिहार क्रिकेट अकादमी, पटना की महिला टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कैप्टन निषाद फाउंडेशन ने शानदार जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट का उद्घाटन बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती रमा निषाद, अजय निषाद एवं महुआ के उपसभापति रोमी यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने कहा कि आज की लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। अगर उन्हें सही अवसर और समर्थन मिले तो वे देश और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं। सरकार और वे स्वयं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली बेटियों को हर संभव सहायता देंगी।

मैच में कैप्टन निषाद फाउंडेशन की कप्तान अपूर्वा कुमारी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार क्रिकेट अकादमी, पटना की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज कुष्मांडा (37 रन) ने सबसे अधिक रन बनाए। इसके अलावा दीपा (26 रन), कुमारी निष्ठा (17 रन) और स्वीटी कुमारी (नाबाद 17 रन) ने उपयोगी पारियां खेलीं।

कैप्टन निषाद फाउंडेशन की ओर से गेंदबाजी में अनुष्का सिंह ने 2 विकेट झटके, जबकि प्रीति कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और याशिता सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैप्टन निषाद फाउंडेशन की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 23 ओवर में 3 विकेट खोकर 152 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। कप्तान अपूर्वा कुमारी (26 रन), अंजली कुमारी (25 रन) और विशेष रूप से याशिता सिंह (नाबाद 80 रन) की शानदार पारी ने टीम को जीत दिलाई। विपक्षी टीम की ओर से सृष्टि सिंह, लकी कुमारी और सूर्यांशी ने 1-1 विकेट लिया।

शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए याशिता सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अंधरवाड़ा पंचायत के मुखिया पंकज कुमार शर्मा, वैशाली जिला क्रिकेट संघ की ओर से विजय कुमार, पुष्कर, प्रकाश कुमार सिंह, पंकज मिश्रा, नागेश्वर प्रसाद गुप्ता, रितेश सिंह, राजीव कुमार, विकास कुमार, चंदन यादव सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

खराब मौसम और अत्यधिक ठंड के कारण आयोजकों और खिलाड़ियों के अनुरोध पर कैप्टन निषाद धमाका T20 टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मौसम में सुधार के बाद मैचों की नई तिथि घोषित की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.