पटना, 26 अप्रैल। भोजपुर ने बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी के शाहाबाद जोन से क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भोजपुर की टीम ने इस जोन में अपने चार लीग मुकाबलों में जीत हासिल की। अपने अंतिम लीग मुकाबले में भोजपुर ने ओरंगाबाद को 48 रन से हराया। शाहाबाद जोन के अंतर्गत रविवार यानी 26 अप्रैल को खेले गए एक अन्य मैच में कैमूर ने रोहतास को 14 रन से हराया।
भोजपुर ने औरंगाबाद को हराया
पहले बल्लेबाजी करते हुए भोजपुर की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 193 रन का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के लिए हृदयनंद सिंह ने 26 गेंदों पर 57 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा अंकित राज (39), प्रकाश कुमार सिंह (28), रोहित सिंह (21) और परमजीत सिंह (20) ने भी उपयोगी योगदान दिया। औरंगाबाद की ओर से विवेक, प्रभात और नंदन ने 2-2 विकेट चटकाये।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरंगाबाद की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। कप्तान हर्ष राज पुरु (34) और आयुष राज (32) ने कुछ हद तक संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.5 ओवर में 145 रन पर सिमट गई।
भोजपुर की ओर से गेंदबाजी में सनी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा परमजीत सिंह (2/25) और नंदन कुमार (2/26) ने भी अहम विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सन्नी सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
भोजपुर: 193/7 (20 ओवर), हृदयानंद सिंह 57, अंकित राज 39, प्रकाश कुमार सिंह 28, रोहित 21, परमजीत सिंह 20,
विवेक कुमार सिंह 2/40, प्रभात सिंह 2/30, नंदन कुमार 2/26
औरंगाबाद: 145 ऑल आउट (17.5 ओवर), हर्ष राज पुरु 34, आयुष राज 32, विवेक कुमार सिंह 24, हर्ष गिरी 18
सनी धर्मेंद्र सिंह 4/39, परमजीत सिंह 2/25, विवेक 2/32, शिवम 1/18
कैमूर ने रोहतास को दी मात
कैमूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोहतास को 14 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैमूर की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 148 रन स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राजू कुमार शर्मा ने 42 गेंदों पर 79 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा अभिषेक सिंह ने 25, अजयवीर सिंह ने 13, सलमान हाशमी ने 14 और निशांत कुमार सिंह 10 का योगदान दिया।
रोहतास की ओर से गेंदबाजी में सागर तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 13 रन देकर 5 विकेट झटके।
149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोहतास की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 134 रन ही बना सकी। समरजीत कुमार ने 34 और आदित्य सिंह ने 33 रन की पारी खेली। निखिल ने 16, परवेज आलम ने 13, शुभम राय ने नाबाद 15 रन बनाये।
कैमूर की ओर से गेंदबाजी में निशांत कुमार सिंह, विकास कुमार पटेल, अनुज राज सिंह और धनेश चौहान ने 1-1 विकेट चटकाये। विजेता टीम के राजू कुमार शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
कैमूर: 148/9 (20 ओवर), राजू कुमार शर्मा 79, अभिषेक सिंह 25, सलमान हाशमी 14, अजयवीर सिंह 13, निशांत कुमार सिंह 10, सागर तिवारी 5/13, शुभम कुमार 2/36, परवेज आलम 1/33
रोहतास: 134/9 (20 ओवर), समरजीत कुमार 34, आदित्य सिंह 33, निखिल 16, मोहम्मद परवेज आलम 13, शुभम 15, निशांत कुमार सिंह 1/23, विकास कुमार पटेल 1/15, अनुज राज सिंह 1/19, धनेश चौहान 1/30