सीतामढ़ी, 6 अप्रैल। स्थानीय जानकी स्टेडियम में खेली जा रही रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के मिथिला जोन के लीग मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने मधुबनी को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चार विकेट चटकाने वाले आर्यन कुमार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
टॉस मुजफ्फरपुर ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। मधुबनी ने पहले बैटिंग करते हुए 45 ओवर में सभी विकेट खोकर 148 रन बनाये। जवाब में मुजफ्फरपुर की टीम 30.1 ओवर में दो विकेट पर 149 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
मधुबनी की बल्लेबाजी
मधुबनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत से ही संघर्ष किया। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिससे बड़ा स्कोर खड़ा नहीं हो सका। कप्तान सार्थक झा ने 37 (59) रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। उनके अलावा ऋतिक कुमार 19 (44) और क्षितिज देव झा 15 (24) रन बनाकर दोहरे अंक तक पहुंचे। हालांकि कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 45 ओवर में 148 रन पर ऑल आउट हो गई।
मुजफ्फरपुर के गेंदबाजों ने शानदार अनुशासन दिखाया। आर्यन कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 4 विकेट झटके, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। वहीं कुशदेव प्रसाद सिंह ने 28 रन देकर 2 और आकाश ओझा ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाये।
मधुबनी की बैटिंग
149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर टीम की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन जल्द ही बल्लेबाजों ने स्थिति संभाल ली। आदित्य सिन्हा ने 53 (47) रन की आक्रामक पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद शुभम आकर्ष ने नाबाद 65 (89) रन बनाकर पारी को अंत तक संभाले रखा।
अंत में मोहम्मद सलाहुद्दीन दिलशाद ने नाबाद 20 (38) रन का योगदान देकर टीम को जीत दिलाई। मुजफ्फरपुर ने 30.1 ओवर में दो विकेट पर 149 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच को आसानी से अपने नाम कर लिया।
संक्षिप्त स्कोर:
मधुबनी : 148 ऑल आउट (45 ओवर), सार्थक झा 37, ऋतिक कुमार 19, क्षितिज देव झा 15, रणवीर सिंह 12, संजन कुमार 10, अतिरिक्त 31
आर्यन कुमार 4/18, कुशदेव प्रसाद सिंह 2/28, आकाश ओझा 2/31, आदित्य कुमार 2/37
मुजफ्फरपुर : 30.1 ओवर में दो विकेट पर 149 रन शुभम आकर्श नाबाद 65, आदित्य सिन्हा 53, मोहम्मद सलाहुद्दीन नाबाद 20, दीपक कुमार 1/18, सार्थक झा 1/26