पटना, 6 अप्रैल। आर्यन पटेल (5 विकेट) और प्रदीप यादव (नाबाद 93 रन) के शानदार खेल के दम पर कैमूर ने रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के शाहाबाद जोन के लीग मुकाबले में रोहतास पर 3 विकेट की जीत हासिल की। आर्यन पटेल (12 रन, 5 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
सदीसोपुर स्थित डीएल सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस कैमूर ने जीता और रोहतास को बैटिंग का न्योता दिया। रोहतास ने पहले बैटिंग करते हुए 48.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 278 रन बनाये। जवाब में कैमूर ने अंतिम ओवर तक चले मैच में 7 विकेट पर 279 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
यह मुकाबला आखिरी ओवर तक उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जहां दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में कैमूर ने संयम दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
रोहतास की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहतास डीसीए ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन मध्यक्रम ने शानदार प्रदर्शन किया। रितु दिनेश्वर राज ने तेजतर्रार अंदाज में 62 (35) रन बनाये। इसके पहले अनुराग गिरी (37), युवराज सिंह (45), प्रिंस कुमार (51) और सलामी बैटर रितेश कुमार (34) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत रोहतास की टीम ने 48.2 ओवर में 278 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
कैमूर की ओर से गेंदबाजी में आर्यन पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 49 रन देकर 5 विकेट झटके और टीम को मैच में बनाए रखा। वहीं सनम राज ने 2 आसिफ अहम ने 1 विकेट चटकाये।
कैमूर की बैटिंग
279 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैमूर ने भी शानदार शुरुआत की। रोहित कुमार गुप्ता ने 38 (41) और मयंक राज ने 43 (43) रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद प्रदीप यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 93 (105) रन की पारी खेली और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अतुल ने 28 और सूर्यांश तिवारी ने 34 रन की पारी खेली। आर्यन पेटल ने नाबाद 12 रन बनाये। इन पारियों की बदौलत टीम को 49.2 ओवर में सात विकेट 279 रन बनाये।
संक्षिप्त स्कोर
रोहतास : 278 ऑल आउट (48.2 ओवर), रितेश 34, अनुराग गिरी 37, युवराज सिंह 45, प्रिंस 51, रितु राज 62, अतिरिक्त 28, आर्यन पटेल 5/49, सनम राज 2/50, आसिफ अहमद 1/52.
कैमूर : 49.2 ओवर में सात विकेट पर 279 रन, प्रदीप यादव नाबाद 93, मयंक राज 43, रोहित कुमार गुप्ता 38, सूर्यांश तिवारी 34,अतुल कुमार 28, आर्यन पटेल नाबाद 12, अतिरिक्त 17, प्रिंस कुमार 150, वीरु 1/58, रितेश कुमार 2/50, अनुराग गिरि 1/36