बेगूसराय, 15 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही श्यामल सिन्हा बीसीए मेंस अंडर-16 वनडे ट्रॉफी के सेंट्रल जोन के लीग मुकाबले में समस्तीपुर ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सहरसा को 9 विकेट से एकतरफा अंदाज में हरा दिया।
स्थानीय आईओसीएल टाउनशिप मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में सहरसा ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुए 40.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 221 रन बनाये। जवाब में समस्तीपुर ने 1 विकेट पर 222 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के साहिल गौतम (127 रन) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सहरसा डीसीए की शुरुआत तेज रही। साकेत कुमार (40) और शंभु कुमार (42) ने पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद आयुष आनंद ने 59 रन की जिम्मेदार पारी खेली और टीम को संभालने की कोशिश की।
मध्यक्रम में कुछ बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। अतिरिक्त 28 रन भी टीम के स्कोर में अहम रहे। अंततः सहरसा की पूरी टीम 40.2 ओवर में 221 रन पर ऑल आउट हो गई।
समस्तीपुर की ओर से युवराज चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं हर्षित राज ने 2 विकेट लिए और अन्य गेंदबाजों ने भी अच्छी लाइन-लेंथ बनाए रखी।
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी समस्तीपुर की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान साहिल गौतम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 127 रन (83 गेंद) की तूफानी पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
उनका साथ रितेश कुमार जायसवाल ने दिया, जिन्होंने नाबाद 65 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। दोनों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली, जिसने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
समस्तीपुर ने सिर्फ 27.4 ओवर में 1 विकेट पर 222 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
स्कोर बोर्ड
सहरसा : 40.2 ओवर में 221 रन पर ऑल आउट, आयुष आनंद 59, शंभु कुमार 42, साकेत कुमार 40, दिलशाद अली 25, आयुष कुमार यादव 14,अतिरिक्त 28 रन, युवराज चौधरी 4/60, हर्षित राज 2/31, मोहम्मद आलम 1/30, महाराणा प्रताप रे 1/66
समस्तीपुर : 27.4 ओवर में 1 विकेट पर 222 रन, साहिल गौतम नाबाद 127, रितेश कुमार जायसवाल नाबाद 65, भानु प्रताप सिंह 18, अतिरिक्त 12 रन, लव कृष्णा 1/61