Saturday, June 20, 2026
Home Latest भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल में सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी निगाह

भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल में सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी निगाह

त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भिड़ेंगे श्रीलंका ए और भारत ए

by Khel Dhaba
0 comment

दांबुला, 20 जून। त्रिकोणी सीरीज के फाइनल में रविवार यानी 21जून को भारत ए का मुकाबला मेजबान श्रीलंका ए से होगा और सभी की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी।

लीग मैचों में दोनों टीमों ने आपस में दो मैच खेले जिसमें दोनों को 1-1 में जीत मिली। दूसरे लीग में दोनों टीमों के बीच गरमाहट का माहौल बन गया था। भारतीय टीम लीग मैच में श्रीलंका ए से सुपर ओवर में हार गई थी और वह इसका बदला चुकता करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

श्रीलंका ए ने 50 ओवरों में मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में 16 रन बनाए और फिर भारत ए को नौ रन पर रोक दिया था। मैच खत्म होने के बाद तनाव और बढ़ गया। हलाम्बेज और वानूजा साहन को पवेलियन लौट रहे भारतीय बल्लेबाजों से कहा-सुनी करते देखा गया। वीडियो में सूर्यांश शेडगे को हलाम्बेज की ओर बल्ला ताने हुए दिखाया गया। इसके बाद सूर्यवंशी ने पलटकर श्रीलंकाई खिलाड़ी से तीखी बहस की।

इसके बाद दोनों एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए। विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव करके उन्हें अलग किया।

यह देखना बाकी है कि क्या दोनों टीम उस घटना को भुलाकर आगे बढ़ चुकी हैं। लेकिन सूर्यवंशी पर सभी की निगाह टिकी रहेगी। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्ष के इस खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारत की सीनियर टीम में चुना गया है।

उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 776 रन बनाए, जिसमें 72 छक्के शामिल थे। आईपीएल की सफलता और पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने के बाद श्रीलंका के दौरे पर आए सूर्यवंशी को दांबुला की धीमी पिचों पर संघर्ष करना पड़ा है। उन्होंने अब तक चार मैचों में 14, 44, 21 और 38 रन बनाए हैं।

अफगानिस्तान ए के खिलाफ भारत के करो या मरो वाले मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वह केवल 38 रन ही बना पाए और अब उन पर वापसी करने का दबाव होगा।

भारतीय टीम हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ मिली जीत से उत्साहित होगी। उसने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 319 रन बनाए और फिर अफगानिस्तान को 36.5 ओवर में 218 रनों पर आउट कर दिया।

इस मैच में कप्तान तिलक वर्मा, प्रियांश आर्य और कुमार कुशाग्र ने अर्धशतक लगाए, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर निशांत सिंधु ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 31 रन देकर चार विकेट लिए।

रुतुराज गायकवाड़ इस प्रतियोगिता में भारत के बल्लेबाजी के मुख्य आधार रहे हैं। उन्होंने अब तक एक शतक सहित 234 रन बनाए हैं। अगर सलामी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत देने में विफल रहते हैं तो तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे गायकवाड को सूत्रधार की भूमिका निभानी होगी।

गेंदबाजी में भारत ए को अरशद खान और यश ठाकुर से शुरुआती सफलता की उम्मीद होगी। अरशद ने श्रीलंका ए के खिलाफ मैच में 50वें ओवर में सिर्फ चार रन देकर मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया था।

धीमी पिचों पर काफी कुछ निशांत सिंधु, विपराज निगम और अनुकूल रॉय की स्पिन तिकड़ी पर निर्भर करेगा।

जहां तक श्रीलंका का सवाल है तो उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पिछली तीन पारियों में दो शतक लगाए हैं और चार मैचों में 285 रन बनाए हैं। भारत को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसे फर्नांडो पर लगाम कसनी होगी।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत ए: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।

श्रीलंका ए: सहान अराचिगे (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समाराविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, विजयकांत व्यासकांत, रविंदु फर्नांडो, विशेन हलंबेज, दुलज समुदिथा, मोहम्मद शिराज, अहान विक्रमसिंघे, कुगथास मथुलन, वानुजा सहन, चमिका गुणसेकरा, गरुका संकेत।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.