पटना। पाटलिपुत्र खेल परिसर कंकड़बाग, पटना में वॉलीबाल खेल में बिहार के प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों के चयन के लिए शहीद के. सी. सुरेंद्र बाबू (भा.पु. से.) की स्मृति में दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आज संपन्न हो गयी l
इस प्रतियोगिता में चयन के लिए बिहार के कोने कोने से 300 लड़कों ने भाग लिया जिनमें से मेडिकल और ऊंचाई के आधार पर 98 होनहार बच्चों का चयन किया गया। चयनित 98 खिलाड़ियों को 12 खिलाड़ियों के 8 टीमों में बाँट कर सभी टीमों के बीच लीग मैच कराया गया।
आठ टीमों का नाम शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में उनके नाम पर ही रखा गया जैसे शहीद रणधीर वर्मा , इन्द्रानन मिश्रा, अरुण कुमार सिंह, अशोक कुमार सिंह, विनोद कुमार, संजय तिवारी, सुरेंद्र प्रसाद और शहीद अजय कुमार। आज फाइनल में 12 से 14 आयुवर्ग में शहीद इन्द्रानन मिश्रा टीम ने शहीद संजय तिवारी टीम को और 15 से 18 आयुवर्ग में शहीद अशोक कुमार टीम ने शहीद रणधीर कुमार वर्मा की टीम को हराकर विजेता की ट्राफी जीती।
बिहार खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण के अथक प्रयास से आयोजित इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षक श्री जी. ई. श्रीधरन द्वारा 26 से 31 जनवरी तक पाटलिपुत्र खेल परिसर में प्रशिक्षित किया जाएगा। उसमें से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को बिहार खेल प्राधिकरण द्वारा आगे के प्रशिक्षण के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। खेल और खिलाडियों के विकास के लिए बिहार सरकार की प्रतिबद्धता के अंतर्गत ऐसी प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।
इस वॉलीबाल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में शामिल बिहार के सभी खिलाड़ियों और विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए जीतेन्द्र कुमार राय , माननीय मंत्री, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार , श्रीमती बन्दना प्रेयषी , सचिव , कला ,संस्कृति एवं युवा विभाग और श्री रवीन्द्रण शंकरण , महानिदेशक , बिहार खेल प्राधिकरण, श्री रामाशीष प्रसाद सिंह , सचिव , बिहार वॉलीबाल संघ; ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं l


