भारत के फ्रीस्टाइल पहलवान नायब सूबेदार दीपक पुनिया ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शुक्रवार को पुरुष 86 किग्रा फाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2019 के सिल्वर मेडलिस्ट दीपक ने इनाम को 3-0 से मात दी। दीपक मैच के शुरुआती पलों में ही दिल्ली 2010 खेलों के स्वर्ण पदक विजेता इनाम पर दबाव बनाने में कामयाब रहे।

दूसरी ओर, दीपक से 10 साल बड़े इनाम भारतीय पहलवान की फुर्ती की बराबरी नहीं कर पाये और एक भी पॉइंट हासिल करने में असफल रहे।
इस जीत के साथ भारत ने कुश्ती में चार और बर्मिंघम 2022 में 24 पदक जीत लिये हैं। इससे पहले, साक्षी मालिक (महिला 62 किग्रा) और बजरंग पुनिया (पुरुष 65 किग्रा) ने स्वर्ण जीते जबकि अंशु (महिला 57 किग्रा) के खाते में रजत गया।









