अबुधाबी। कैगिसो रबाडा और एनरिच नोर्किया की घातक गेंदबाजी से बांग्लादेश को सस्ते में समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 39 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से जीत दर्ज करके मंगलवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को नये स्तर पर पहुंचाया।
बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद 18.2 ओवर में 84 रन पर आउट हो गयी। दक्षिण अफ्रीका ने 13.3 ओवर में चार विकेट पर 86 रन बनाकर अपना नेट रन रेट 0.742 पर पहुंचा दिया।
दक्षिण अफ्रीका की चार मैचों में यह तीसरी जीत है जिससे उसके छह अंक हो गये हैं। वह इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर बना हुआ है। बांग्लादेश को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।