फीफा विश्व कप शुरू होने में अब चंद दिन बचे हैं। दुनिया की विभिन्न महाद्वीपों की 48 टीमें इस विश्व कप खेलने को तैयार हैं। दुनिया की नजरें खिलाड़ियों के परफॉरमें से लेकर इस विश्व कप की अन्य चीजों पर भी पैनी नजर है। फुटबॉल इस महासंग्राम के लिए खेल मैदान भी पूरी तरह तैयार है। बढ़िया मैच के लिए मैदान भी चुस्त व दुरुस्त होनी चाहिए। तो आइए चलिए जानते हैं कि इन फुटबॉल मैदानों को तैयार करने के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ती है।
आठ वर्षों की रिसर्च का परिणाम
फीफा विश्व कप 2026 की खेल मैदानों को बेहतर रूप से तैयार करने के लिए करीब आठ वर्षों तक वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने लगातार काम किया। अमेरिका की टेनेसी यूनिवर्सिटी और मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने तीन आयोजक देशों कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको में फैले 16 स्टेडियमों के लिए ऐसी सतह विकसित करने का प्रयास किया, जो हर जगह खिलाड़ियों को लगभग एक जैसा अनुभव दे सके। फीफा का स्पष्ट कहना है कि खेल की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी मैदानों की गुणवत्ता और व्यवहार यथासंभव समान होना चाहिए।
आर्टिफिशियल टर्फ से प्राकृतिक घास तक का सफर
इस विश्व कप की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक यह थी कि कई मेजबान स्टेडियम सामान्य दिनों में आर्टिफिशियल टर्फ का उपयोग करते हैं। अमेरिका और कनाडा के आठ स्टेडियम ऐसे हैं जहां आमतौर पर कृत्रिम घास से बने मैदान पर मैच आयोजित किए जाते हैं। विश्व कप के लिए इन स्टेडियमों को प्राकृतिक घास वाली सतह में बदलना पड़ा।
यह केवल घास बिछाने का काम नहीं था। इसके लिए पूरी नई संरचना तैयार की गई जिसमें ड्रेनेज और वेंटिलेशन सिस्टम लगाए गए। मोटी रेत की परत बिछाई गई और फिर विशेष रूप से तैयार प्राकृतिक घास को स्थापित किया गया। बाद में इस घास को कृत्रिम फाइबर से मजबूत किया गया ताकि वह लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
सिएटल बना सबसे बड़ा परीक्षण केंद्र
सिएटल का ल्यूमेन फील्ड उन शुरुआती स्टेडियमों में शामिल था जहां विश्व कप की नये खेल मैदान प्रणाली का परीक्षण किया गया। यहां आर्टिफिशियल टर्फ के ऊपर एक विशेष ढांचा तैयार किया गया और उसके बाद प्राकृतिक घास बिछाई गई।
मार्च में शुरू हुए इस काम के बाद अप्रैल में अमेरिकी महिला फुटबॉल टीम ने यहां खेलकर मैदान का परीक्षण किया। खिलाड़ियों ने मैदान को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि उन्हें खेल के दौरान किसी प्रकार की असुविधा महसूस नहीं हुई। विशेषज्ञों के लिए यह संकेत था कि उनकी मेहनत सही दिशा में जा रही है।
अलग-अलग मौसम के लिए अलग रणनीति
विश्व कप तीन देशों में आयोजित हो रहा है और सभी मेजबान शहरों की जलवायु एक जैसी नहीं है। मेक्सिको का मोंटेरे गर्म और उमस भरा शहर है, जबकि कनाडा का वैंकूवर अपेक्षाकृत ठंडा क्षेत्र है। ऐसे में एक ही प्रकार की घास हर जगह प्रभावी नहीं हो सकती थी।
इसी कारण विशेषज्ञों ने दो अलग-अलग घास प्रणालियां विकसित कीं। गर्म क्षेत्रों के लिए बरमूडा घास का चयन किया गया, जबकि ठंडे इलाकों और इनडोर स्टेडियमों के लिए केंटकी ब्लूग्रास और पेरेनियल राईग्रास का मिश्रण तैयार किया गया। इससे हर मौसम में पिच की गुणवत्ता बनाए रखना संभव हो सका।
दस टर्फ फार्मों में तैयार हुई विश्व कप की घास
विश्व कप में उपयोग होने वाली घास को तीनों मेजबान देशों के दस विशेष टर्फ फार्मों में उगाया गया। यहां घास की गुणवत्ता, मजबूती और एकरूपता पर लगातार निगरानी रखी गई। जब घास पूरी तरह तैयार हो गई, तब उसे बड़े-बड़े रोल के रूप में स्टेडियमों तक पहुंचाया गया। इस पूरे कार्य में यह सुनिश्चित किया गया कि हर मैदान की सतह एक जैसी दिखाई दे और खिलाड़ियों को किसी तरह का अंतर महसूस न हो।
डलास में तकनीक का अनोखा प्रयोग
डलास स्टेडियम में विश्व कप के सबसे अधिक नौ मैच खेले जाने हैं। यहां सबसे बड़ी समस्या सूर्य की रोशनी की कमी थी। स्टेडियम की छत खुल सकती है, लेकिन उसकी संरचना के कारण मैदान तक पर्याप्त धूप नहीं पहुंचती। इस चुनौती से निपटने के लिए इंजीनियरों ने विशेष गुलाबी रंग की ग्रो लाइट्स लगाईं। ये लाइट्स छत से लटकाई गई हैं और घास को कृत्रिम रूप से वही ऊर्जा प्रदान करती हैं जो सामान्य रूप से सूर्य से मिलती है। इन लाइट्स के कारण पूरा मैदान गुलाबी रोशनी से जगमगाता दिखाई देता है, जो तकनीक और खेल का अनोखा संगम प्रस्तुत करता है।
1994 विश्व कप से मिली महत्वपूर्ण सीख
इस परियोजना से जुड़े प्रमुख विशेषज्ञ जॉन सोरोचन ने 1994 विश्व कप के दौरान भी पिच प्रबंधन का अनुभव प्राप्त किया था। उस समय उपलब्ध तकनीक आज जितनी विकसित नहीं थी। कई स्टेडियमों में पर्याप्त धूप न मिलने के कारण घास की गुणवत्ता प्रभावित हो जाती थी और मैचों के बाद मैदान पर टूट-फूट साफ दिखाई देती थी। उसी अनुभव ने वैज्ञानिकों को बेहतर समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। आज इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकें उसी सीख का विकसित रूप हैं।
हाइब्रिड पिच तकनीक बनी गेम चेंजर
विश्व कप 2026 के मैदान पूरी तरह पारंपरिक नहीं हैं। इनमें प्राकृतिक घास के साथ कृत्रिम फाइबर का भी उपयोग किया गया है। इस हाइब्रिड तकनीक से मैदान अधिक मजबूत और टिकाऊ बनता है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि लगातार मैचों और अभ्यास सत्रों के बावजूद मैदान जल्दी खराब नहीं होती। खिलाड़ियों को बेहतर पकड़ मिलती है और खेल की गुणवत्ता भी बनी रहती है।
भविष्य के खेल मैदानों की झलक
विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व कप के लिए विकसित की गई यह तकनीक आने वाले वर्षों में दुनिया भर के खेल मैदानों की तस्वीर बदल सकती है। हाइड्रोपोनिक घास उत्पादन, पानी के पुनर्चक्रण और ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था जैसी प्रणालियां खेल परिसरों के साथ-साथ सार्वजनिक पार्कों में भी उपयोग की जा सकती हैं। इससे न केवल बेहतर मैदान तैयार होंगे, बल्कि पानी और ऊर्जा की बचत भी होगी, जो भविष्य की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है।