Friday, April 17, 2026
Home FIFA WORLD CUP जानें फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इस बार कौन-कौन टीम की है इंट्री

जानें फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इस बार कौन-कौन टीम की है इंट्री

हर ग्रुप में टक्कर, कई ‘ग्रुप ऑफ डेथ’

by Khel Dhaba
0 comment

दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल आयोजन फीफा वर्ल्ड कप इस बार अपने सबसे भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में सामने आने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह टूर्नामेंट पहली बार 48 टीमों के साथ खेला जाएगा, जिसमें कुल 104 मैच होंगे। यह न सिर्फ आंकड़ों के लिहाज से सबसे बड़ा वर्ल्ड कप होगा, बल्कि वैश्विक फुटबॉल के विस्तार का भी प्रतीक बनेगा।

नया फॉर्मेट: हर टीम को मौका, हर मैच में रोमांच

वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट इसे और खास बनाता है। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है और हर ग्रुप में चार टीमें हैं। सभी टीमों को कम से कम तीन मैच खेलने की गारंटी दी गई है, जिससे छोटे और नए देशों को भी खुद को साबित करने का बड़ा मंच मिलेगा।

ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें भी नॉकआउट में जगह बनाएंगी। इसके बाद 32 टीमों के बीच सीधा नॉकआउट मुकाबला होगा जहां हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होना होगा।

ग्रुप्स: हर ग्रुप में टक्कर, कई ‘ग्रुप ऑफ डेथ’

इस बार के वर्ल्ड कप के ग्रुप बेहद संतुलित और चुनौतीपूर्ण नजर आ रहे हैं।
ग्रुप ए : मेक्सिको, दक्षिण कोरिया, चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका
ग्रुप बी : स्विट्जरलैंड, कनाडा, कतर और बोस्निया
ग्रुप सी : ब्राजील, मोरक्को, स्कॉटलैंड और हैती
ग्रुप डी : अमेरिका, तुर्की, ऑस्ट्रेलिया और पराग्वे
ग्रुप ई : जर्मनी, इक्वाडोर, आइवरी कोस्, कुराकाओ
ग्रुप एफ : नीदरलैंड, जापान, स्वीडन और ट्यूनीशिया
ग्रुप जी : बेल्जियम, ईरान, मिस्र और न्यूजीलैंड
ग्रुप एच : स्पेन, उरुग्वे, सऊदी अरब और केप वर्डे
ग्रुप आई : फ्रांस, सेनेगल, नॉर्वे और इराक
ग्रुप जे : अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन
ग्रुप के : पुर्तगाल, कोलंबिया, कांगो और उज़्बेकिस्तान
ग्रुप एल : इंग्लैंड, क्रोएशिया, पनामा और घाना

तीन देशों में फैला आयोजन, वैश्विक रंग

यह वर्ल्ड कप तीन देशों-अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित किया जा रहा है, जो इसे और भी खास बनाता है। मैच कुल 16 शहरों में खेले जायेंगे जिसमें यूएसए के 11 शहर अटलांटा, बोस्टन, डलास, ह्यूस्टन, कैनसस सिटी, लॉस एंजिल्स, मियामी, न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया, सैन फ्रांसिस्को (बे एरिया), और सिएटल शामिल हैं।
मेक्सिको के 3 शहरों मेक्सिको सिटी, ग्वाडलाहारा, और मोंटेरे और कनाडा के दो शहरों टोरंटो और वैंकूवर मैच होंगे। ।

शेड्यूल: डेढ़ महीने तक फुटबॉल का उत्सव

टूर्नामेंट 11 जून से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक चलेगा। ग्रुप स्टेज 27 जून तक, नॉकआउट मुकाबले 28 जून से शुरू होंगे। क्वार्टर फाइनल 9 से 11 जुलाई, सेमीफाइनल 14 और 15 जुलाई को और फाइनल 19 जुलाई को आयोजित होगा।

मेसी पर टिकी दुनिया की नजरें

फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी के खेलने को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने साफ कहा है कि यह फैसला पूरी तरह मेसी पर निर्भर करेगा। अगर मेसी इस वर्ल्ड कप में उतरते हैं, तो यह उनके कैरियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है जिससे यह टूर्नामेंट और भी खास बन जाएगा।

खिताब की जंग: कई दावेदार, खुला मुकाबला

इस बार स्पेन को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है, जबकि फ्रांस, इंग्लैंड, ब्राजील, अर्जेंटीना और पुर्तगाल भी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। पिछले छह वर्ल्ड कप में छह अलग-अलग चैंपियन देखने को मिले हैं, जिससे यह साफ है कि इस बार भी कोई नई कहानी लिखी जा सकती है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights