Wednesday, May 13, 2026
Home IPL IPL 2026 MI VS LSG : लगातार तीन हार के बाद मुंबई ने हासिल की जीत

IPL 2026 MI VS LSG : लगातार तीन हार के बाद मुंबई ने हासिल की जीत

लखनऊ सुपर जायंट्स की लगातार पांचवीं हार

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई, 4 मई। रायन रिकलटन (83 रन) और रोहित शर्मा (84) के शानदार खेल की बदौलत मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लगातार तीन हार के बाद जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंटस को 6 विकेट से हराया। लखनऊ की यह लगातार पांचवीं हार है।

निकोलस पूरन के तूफानी अर्धशतक से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पांच विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 229 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।

मुंबई इंडियंस के सलामी बैटरों रायन रिकलटन और रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग की। पहले विके ट के लिए दोनों के बीच 143 रन की साझेदारी हुई। रायन रिकलटन ने 32 गेंदों में 6 चौका व 8 छक्का की मदद से 83 जबकि रोहित शर्मा ने 44 गेंद में 6 चौका व 7 छक्का की मदद से 84 रन बनाये। नमन धीर ने नाबाद 23 जबकि विल जैक्स ने नाबाद 10 रन बनाये। कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 जबकि तिलक वर्मा ने 11 रन बनाये।

इसके पहले निकोलस पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़कर सुपर जाइंट्स को ठोस मंच प्रदान किया। हिम्मत सिंह (नाबाद 40, 31 गेंद, दो चौके, दो छक्के) और एडेन मारक्रम (नाबाद 31, 25 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अंत में छठे विकेट के लिए 49 गेंद में 68 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन दोनों रन गति में इजाफा करने में नाकाम रहे।

मुंबई की ओर से कोर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए। अल्लाह गजनफर (50 रन पर एक विकेट), विल जैक्स (34 रन पर एक विकेट) और रघु शर्मा (36 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।

टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने तीसरे ओवर में ही जोस इंग्लिस (13) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने स्पिनर गजनफर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमाया। उन्होंने इससे पहले इस स्पिनर पर लगातार दो चौके मारे।

Join Our Whatsapp Group
मार्श ने दीपक चाहर की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से शुरुआती की और फिर जसप्रीत बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे।

पूरन ने विल जैक्स पर तीन छक्कों के साथ फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने गजनफर पर भी दो छक्के और एक चौका जड़ा।

सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 90 रन बनाए।

पूरन ने चाहर पर फाइन लेग पर छक्के के साथ सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

पूरन हालांकि इसके बाद बॉश की गेंद पर विकेटकीपर रेयान रिकेल्टन को कैच दे बैठे।

बॉश ने इसी ओवर में मार्श को भी नमन के हाथों कैच कराके सुपर जाइंट्स को दोहरा झटका दिया।

कप्तान ऋषभ का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह 15 रन बनाने के बाद जैक्स की गेंद पर रिकेल्टन के हाथों लपके गए।

अक्षत रघुवंशी भी 11 रन बनाने के बाद रघु सिंह की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स का स्कोर पांच विकेट पर 160 रन हो गया।

हिम्मत सिंह ने धीमी शुरुआत के बाद गजनफर की गेंद पर लगातार गेंद पर छक्का और चौका जड़ा और फिर रघु पर चौके के साथ 17वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया।

सुपर जाइंट्स की टीम अंतिम तीन ओवर में 22 रन ही जुटा सकी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights