Friday, April 24, 2026
Home IPL आईपीएल 2026 MI VS CSK : चेन्नई ने मुंबई को दी मात

आईपीएल 2026 MI VS CSK : चेन्नई ने मुंबई को दी मात

सैमसन का शतक, अकील हुसैन का गेंदबाजी में ‘चौका’

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (नाबाद 101) के सत्र के दूसरे शतक और अकील हुसैन की शानदार गेंदबाजी की मदद से बृहस्पतिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में मुंबई इंडियंस को 103 रन से पराजित किया।

मुंबई इंडिया ने खिलाफ खेले गए इस मैच में चेन्नई सुपर किंगस ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।

मुंबई की ओर से केवल सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का ही बल्ला बोला। सूर्य कुमार यादव ने 35 और तिलक वर्मा ने 37 रन की पारी खेली। बाकी कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया

चेन्नई की ओर से अकील हुसैन ने 4 ओवर में 17 रन देकर 4,मुकेश चौधरी ने 1, अंशुल कंबोज ने 1, नूर अहमद ने 2 और जैमी ओवर्टन ने 1 और गुरजपनीत सिंह ने 1 विकेट चटकाये।

इसके पहले संजू सैमसन ने आईपीएल में अपने पांचवें शतक के लिए 54 गेंद खेलीं जिसमें 10 चौके और छह छक्के जडे़ थे।

खराब शॉट चयन और एकाग्रता की कमी के कारण सैमसन के साथी खिलाड़ी दूसरे छोर पर आउट होते रहे, लेकिन इस भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने संयम से खेलते हुए वानखेड़े स्टेडियम में एक और यादगार पारी खेली।
सीएसके की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन टीम बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। सैमसन के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सका।

मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह (31 रन देकर एक विकेट) ने पहले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन सैमसन ने एक चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने हार्दिक पांड्या (38 रन देकर कोई विकेट पर) की गेंद को अपने पैड्स से फ्लिक करते हुए एक छक्का भी लगाया।

सीएसके की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (22) और सैमसन ने पावरप्ले के दौरान हार्दिक के पहले दो ओवरों में 19-19 रन बटोरे। दो विकेट गिरने के बावजूद मेहमान टीम 73 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी।

लग रहा था कि गायकवाड़ फॉर्म में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने हार्दिक की गेंद पर ऑन-साइड में एक जोरदार शॉट लगाकर शुरुआत की और फिर एक छक्का जड़ा जिससे दूसरे ओवर में कुल 19 रन बने।

तीसरे ओवर में गायकवाड़ ने ए एम गजनफर (25 रन देकर दो विकेट) के खिलाफ शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन तिलक वर्मा ने उनका एक शानदार कैच लपक लिया।

सीएसके टीम में मौजूद मुंबई के खिलाड़ियों सरफराज खान (14) और शिवम दुबे (05) के लिए यह ‘घर वापसी’ बिल्कुल भी सुखद नहीं रही।

सरफराज के ऑन-साइड में दो चौके लगाने के बावजूद मिचेल सैंटनर ने अगली गेंद विकेटों की लाइन में ही फेंकी। सरफराज ने अपना ‘ट्रेडमार्क’ स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे उनके विकेटों से जा टकराई।

नौवें ओवर में गजनफर की गेंद चौथे नंबर पर उतरे भारत के ऑलराउंडर दुबे के बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराकर सीधे विकेटों में जा लगी।

डेवाल्ड ब्रेविस ने 11 गेंद में 21 रन बनाने के लिए कुछ शॉट लगाए लेकिन अश्विनी कुमार (37 रन देकर दो विकेट) की एक बेहतरीन शॉर्ट गेंद पर आउट हो गए।

पर सैमसन ने सतर्कता और आक्रामकता का सही तालमेल बिठाते हुए रन जुटाना जारी रखा। आखिरी ओवर में उन्होंने कृष भगत की गेंद पर कवर के ऊपर से एक शानदार छक्का जड़ा और आखिरी गेंद को पुल करके शतक पूरा किया।

सीएसके के खिलाड़ी मुकेश चौधरी की मां के निधन के कारण अपनी बांहों पर काली पट्टियां बांधकर मैदान पर उतरे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights