भभुआ, 6 अप्रैल। कैमूर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानीय जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में खेली जा रही कैमूर जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में कमला क्रिकेट क्लब ने हिरोज क्रिकेट क्लब को 82 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कमलाकर क्रिकेट क्लब की शुरुआत संतुलित रही। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 177 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अरमान तिवारी ने 41 रन की अहम पारी खेली, जबकि कार्तिकेय पाठक ने 32 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। धनेश और सचिन ने 19-19 रन का योगदान दिया, वहीं अभिषेक ने 16 रन जोड़कर स्कोर को प्रतिस्पर्धी बनाया।
हिरोज क्रिकेट क्लब की ओर से आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वसीम अली को 2 विकेट मिले, जबकि गौरव, दीपक और अमित ने 1-1 विकेट हासिल किए।
178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिरोज टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। कमलाकर के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 16.4 ओवर में ही 95 रन पर सिमट गई।
हिरोज की ओर से प्रिंस सिंह ने 40 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि आदित्य सिंह ने 22 और अनमोल ने नाबाद 15 रन बनाए। लेकिन बाकी बल्लेबाज कमलाकर की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके।
कमलाकर की ओर से कार्तिकेय पाठक, धनेश चौहान और आदर्श सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि प्रियम ने 1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
कार्तिकेय पाठक ने बल्लेबाजी में 32 रन और गेंदबाजी में 3 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार उन्हें संघ के संयुक्त सचिव आजाद खान ने प्रदान किया।
संक्षिप्त स्कोर
कमलाकर क्रिकेट क्लब – 177/9 (30 ओवर)
अरमान तिवारी 41, कार्तिकेय पाठक 32, धनेश 19, सचिन 19, अभिषेक 16
आदित्य 4 विकेट, वसीम अली 2 विकेट, गौरव 1, दीपक 1, अमित 1
हिरोज क्रिकेट क्लब – 95 ऑल आउट (16.4 ओवर)
प्रिंस सिंह 40, आदित्य सिंह 22, अनमोल 15*
कार्तिकेय पाठक 3 विकेट, धनेश चौहान 3 विकेट, आदर्श सिंह 3 विकेट, प्रियम 1 विकेट