पटना, 31 मार्च। देश में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में बिहार की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनामिका कुमारी गोंड (जिला- गोपालगंज) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने 9.50 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया और राज्य का नाम रोशन किया।
इस स्पर्धा में गोवा की मानसी मोहन कुनकलकर ने 9.72 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेघालय की मेलिबाडकरो ने 9.43 मीटर गोला फेंककर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं बिहार की एक अन्य खिलाड़ी मीनू सोरेन ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 9.08 मीटर के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में यह बिहार का दूसरा पदक है। इसके पहले कुश्ती में कैमूर के मुलायम खरबार ने मेंस फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम वजन वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
अनामिका की इस उपलब्धि पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता बिहार सरकार की खेल नीति का परिणाम है, जिसके कारण अब सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिभाएं निकलकर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीत सकें।
अनामिका की इस उपलब्धि से न केवल गोपालगंज बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर है और यह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनी है।