भागलपुर, 26 मार्च। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के अंगिका जोन के लीग मुकाबले में भागलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंगेर को 5 विकेट से हरा दिया। विजेता टीम के शुभम कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
स्थानीय सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड पर खेले गए मैच में भागलपुर ने टॉस जीता और मुंगेर को बैटिंग का न्योता दिया। मुंगेर ने पहले बैटिंग करते हुए 46.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 176 रन बनाये। जवाब में भागलपुर की टीम 26.2 ओवर में पांच विकेट पर 179 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
मुंगेर की बैटिंग
मुंगेर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 176 रन पर सिमट गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि कप्तान प्रशांत कुमार ने 44 रन (5 चौके, 2 छक्के) की उपयोगी पारी खेली, जबकि प्रतीक सिंह ने 47 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। शिवम कुमार ने 33 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
भागलपुर की ओर से शुभम कुमार ने कहर बरपाते हुए 8.1 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच के सबसे सफल गेंदबाज रहे। राकेश गुप्ता ने 2 विकेट और रिजवान रायन ने भी 2 विकेट लेकर मुंगेर की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
भागलपुर की बैटिंग
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 26.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राकेश गुप्ता ने शानदार 77 रन (13 चौके, 1 छक्का) की पारी खेली और टीम की जीत के हीरो बने। आर्यन कुमार सिंह ने 32 रन और कुमार राम कृष्णा ने 28 रन का योगदान दिया।
मुंगेर की ओर से कप्तान प्रशांत कुमार ने गेंदबाजी में 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
संक्षिप्त स्कोर
मुंगेर : 46.1 ओवर में 176 रन पर ऑल आउट, प्रतीक सिंह 47, प्रशांत कुमार 44, शिवम कुमार 33, रजनीश कुमार 13, शुभम कुमार 5/21, राकेश गुप्ता 2/16, राकेश गुप्ता 2/16, अंकुश कुमार 1/27
भागलपुर : 26.2 ओवर में पांच विकेट पर 179 रन, राकेश गुप्ता 77, आर्यन कुमार सिंह 32, कुमार कृष्णा 28, विशाल कुमार नाबाद 13, अतिरिक्त 20, प्रशांत कुमार 3/78, रजनीश कुमार 1/29, शिवम कुमार 1/26