बेंगलुरु, 24 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। तेज गेंदबाज यश दयाल फिलहाल टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे लेकिन फ्रेंचाइजी ने साफ कर दिया है कि उन्होंने उन्हें टीम से बाहर नहीं किया है और उनका पूरा समर्थन जारी है।
RCB के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट मो बोबाट ने बताया कि यश दयाल इस समय एक निजी समस्या से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीम लगातार उनके संपर्क में है और उनका पूरा साथ दे रही है। बोबाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यश इस समय टीम से नहीं जुड़ेंगे, लेकिन वह हमारे कॉन्ट्रैक्ट में हैं और हम उनके साथ खड़े हैं।
आरोपों की वजह से चर्चा में मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यश दयाल पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उन्होंने रिश्ते का वादा कर शारीरिक शोषण किया। बताया जा रहा है कि इस मामले में शिकायत दर्ज की गई है और जांच जारी है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं आया है और आरोप साबित नहीं हुए हैं।
टीम ने पहले से बना रखा था बैकअप प्लान
RCB ने इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पहले ही तैयारी कर ली थी। बोबाट ने बताया कि टीम ने ऑक्शन के दौरान इस संभावना को ध्यान में रखा था कि दयाल उपलब्ध नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने पहले से ही वैकल्पिक खिलाड़ियों को तैयार रखा है और हमारी बेंच काफी मजबूत है।
गेंदबाजी यूनिट को लेकर भी जताया भरोसा
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रिकवरी कर रहे हैं। टीम उनकी फिटनेस पर नजर बनाए हुए है। इसके बावजूद आरसीबी को अपनी गेंदबाजी पर पूरा भरोसा है। बोबाट ने कहा कि घरेलू गेंदबाज जैसे रसिख, अभिनंदन और मंगेश ने अच्छी तैयारी की है और वे मजबूत विकल्प हैं।
टीम कॉम्बिनेशन अभी तय नहीं
आरसीबी ने अभी पहले मैच के लिए अंतिम प्लेइंग इलेवन तय नहीं की है। टीम का फोकस एक मजबूत और संतुलित स्क्वॉड तैयार करना है, जहां सभी खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा बनी रहे।
फिल साल्ट पर भी भरोसा कायम
हालिया फॉर्म को लेकर सवालों के बावजूद टीम ने बल्लेबाज फिल साल्ट पर भरोसा जताया है। बोबाट ने कहा कि वह दुनिया के बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं और जल्द ही अपनी फॉर्म में लौटेंगे।
नई शुरुआत के लिए तैयार आरसीबी
आरसीबी इस बार अपने पुराने प्रदर्शन को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहती है। टीम अपना पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी और जीत के साथ अभियान शुरू करने का लक्ष्य रखेगी।