पटना, 19 अप्रैल। बीसीए मेंस टी-20 ट्रॉफी 2025-26 के मिथिला जोन के अपने अंतिम लीग मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने शिवहर को 135 रन से करारी शिकस्त दी।
मिथिला जोन में मुजफ्फरपुर ने अपने चार लीग मैचों में तीन में जीत हासिल की। दरभंगा से उसे हार का सामना करना पड़ा। इस हार की वजह से वह नॉक आउट में पहुंचने से वंचित रह गया। मिथिला जोन के अंतर्गत अभी दो लीग मुकाबले सीतामढ़ी बनाम मधुबनी और शिवहर बनाम सीतामढ़ी खेले जाने बाकी हैं। ये दोनों गैच केवल अंक तालिका में अपनी पोजिशन को तय करने के लिए हैं। इस जोन से दरभंगा ने क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में रविवार यानी 19 अप्रैल को दिन के दूसरे मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए आदित्य सिन्हा के 71 रन की मदद से निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 204 रन बनाये। जवाब में शिवहर की टीम 13.5 ओवर में 69 रन पर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम के आदित्य सिन्हा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुजफ्फरपुर ने 20 ओवर में सात विकेट पर 204 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य सिन्हा (71), अंकित सिंह (44) और चिरंजीवी कुमार ठाकुर (39) ने डबल डिजिट में शानदार पारियां खेलीं। कुशदेव प्रसाद सिंह (15) और वासुदेव प्रसाद सिंह (18) ने भी तेज रन जोड़कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।
शिवहर की ओर से गेंदबाजी में विवेक आनंद ने 20 रन देकर 3, तथागत आनंद ने 33 रन देकर 2 और पुष्कल कुमार गौतम 29 रन देकर 1 विकेट लिए।
205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवहर की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। पूरी टीम 13.5 ओवर में 69 रन पर ऑल आउट हो गई। तथागत आनंद (34), आकाश कुमार सिंह (11) और विवेक आनंद (7) ही कुछ हद तक टिक सके, जबकि बाकी बल्लेबाज डबल डिजिट तक नहीं पहुंच पाए।
मुजफ्फरपुर की ओर से गेंदबाजी में शुभम मल्ल ने 16 रन देकर 3, विवेक आनंद ने 20 रन देकर 3, वासुदेव प्रसाद सिंह ने 8 रन देकर 2 और सौरव सिंह ने 19 रन देकर 2 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
मुजफ्फरपुर: 20 ओवर में 7 विकेट पर 204 रन, आदित्य सिन्हा 71, अंकित सिंह 44, चिरंजीवी कुमार ठाकुर 39, वासुदेव प्रसाद सिंह 18, कुशदेव प्रसाद सिंह 15, विवेक आनंद 3/20, तथागत आनंद 2/33, पुष्कल कुमार गौतम 1/29, मनीष कुमार 1/58
शिवहर: 69 ऑल आउट (13.5 ओवर), तथागत आनंद 34, आकाश कुमार सिंह 11, शुभम मल्ल 3/16, वासुदेव प्रसाद सिंह 2/8, आदित्य कुमार 2/17, सौरव सिंह 2/19