पटना, 19 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही बीसीए मेंस टी-20 ट्रॉफी के वेस्टर्न जोन के मुकाबले में पश्चिम चंपारण ने सारण को 10 रन से पराजित किया। पश्चिम चंपारण ने तीन मैचों में 2 में जीत हासिल की है जबकि सारण अपने चार लीग मुकाबले हार चुका है।
विक्रम स्थित याशवन स्पोट्र्स ग्राउंड पर चल रहे वेस्टर्न जोन के मुकाबले में पश्चिम चंपारण ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 145 रन बनाये। जवाब में सारण की टीम 20 ओवर में चार विकेट पर 135 रन ही बना सकी। विजेता टीम के शुभम कुमार (44 रन, 1 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पश्चिम चंपारण की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 145 रन बना सकी। टीम की ओर से आयुष कुमार ने 44 रन की पारी खेली। इसके अलावा उज्ज्वल पांडेय ने 19, आदित्य जायसवाल ने 19,सूर्यांश ने 12, राशिद इकबाल ने 10 रन बनाये। अतिरिक्त से 17 रन बने।
सारण की ओर से प्रशांत कुमार सिंह ने 19 रन देकर 3, अमित कुमार ने 19 रन देकर 2, अनूप कुमार 28 रन देकर 2 और मुन्ना कुमार शर्मा 22 रन देकर 2 विकेट चटकाये।
146 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम ने अच्छी कोशिश की, लेकिन जीत से 10 रन दूर रह गई। टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 135 रन ही बना सकी। बल्लेबाजी में प्रशांत कुमार सिंह ने 37, अरुणेश कुमार ने 27, हिमांशु कुमार शर्मा ने 25 और कप्तान त्रियंबक भास्कर ने 23 रन बनाये।
वेस्ट चंपारण की ओर से गेंदबाजी में लोकेश कुमार ने 35 रन देकर 2, धनंजय कुमार ठाकुर ने 19 रन देकर 1 और आयुष कुमार ने 36 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
पश्चिम चंपारण: 20 ओवर में नौ विकेट पर 145 रन, आयुष कुमार 44,आदित्य जायसवाल 19, उज्ज्वल पांडे 19, सूर्यांश राज 12, राशिद इकबाल 10, अतिरिक्त 17, प्रशांत कुमार सिंह 3/19, अमित कुमार 2/19, अनुप कुमार 2/28, मुन्ना कुमार शर्मा 2/22
सारण: 135/4 (20 ओवर), प्रशांत कुमार सिंह नाबाद 37, अरुणेश कुमार 27, हिमांशु कुमार शर्मा 25, त्रियंबक भास्कर 23, लोकेश कुमार 2/35, धनंजय कुमार ठाकुर 1/19, आयुष कुमार 1/36